script22 में से 13 कर्मचारियों ने लगाई तबादला करने की गुहार | education Department | Patrika News

22 में से 13 कर्मचारियों ने लगाई तबादला करने की गुहार

locationइंदौरPublished: Jul 15, 2021 01:40:25 am

शिक्षा विभाग: जिला शिक्षा अधिकारी ने अनुशासन से काम करने का आदेश दिया तो…

22 में से 13 कर्मचारियों ने लगाई तबादला करने की गुहार
इंदौर. जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के कार्यालय में तैनात 12-13 कर्मचारियों ने ट्रांसफर के लिए आवेदन देकर खलबली मचा दी है। आवेदन में लिखा, ऑफिस का वातावरण अनुकूल नहीं होने से मानसिक तनाव में है, जिसके कारण ट्रांसफर की मांग की है।
शिक्षा विभाग में कर्मचारियों का आवेदन चर्चा का विषय बना हुआ है। डीईओ के ऑफिस में 22 कर्मचारी हैं, जिनमें से आधे ने तबादले का आवेदन दिया है। कई कर्मचारियों के एक साथ आवेदन देने से सभी हैरान हैं। दरअसल, डीईओ का प्रभार एसडीएम रविकुमार सिंह को दिया है। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सिंह ने काम संभालने के बाद कई नियम बदल दिए। अनुकंपा नियुक्ति के साथ ही हर काम की समय सीमा तय कर दी है। तय सीमा में काम नहीं करने पर कर्मचारियों को फटकार लगती थी। पहले के समय में समय सीमा में काम नहीं होता था। कर्मचारियों को उसी की आदत है। सख्ती से वे परेशान हो गए हैं। माना जा रहा है, दबाव बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
कर्मचारियों को शाम 5 बजे तक अपनी सीट पर मौजूद रहने के आदेश दिए हैं। पहले कर्मचारियों के आने-जाने का समय नहीं होता था, लेकिन अब 5 बजे के पहले ऑफिस से निकल जाने पर नोटिस मिल जाता है।
आवेदन में लिखा- बन सकती है अप्रिय स्थिति
कर्मचारियों ने आवेदन में लिखा है, वर्तमान में कार्यालय का वातावरण अनुकूल नहीं होने से मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे किसी भी समय कोई अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है। इसलिए यहां से तबादला किसी अन्य ऑफिस में कर दिया जाए।
आवेदन मिले हंै, नोटिस देंगे
एक-दो कर्मचारियों के आवेदन मिले हैं। पहले सभी गायब रहते थे, समय पर काम नहीं करते थे, जिसके कारण सख्ती की गई है। ऑफिस का वातावरण अच्छा नहीं होने की बात आवेदन में लिखी है, नोटिस देकर इसके संबंध में पूछा जाएगा। कर्मचारियों का तबादला नहीं होगा, उन्हें यहीं अनुशासन से काम करना होगा।
-रविकुमार सिंह, प्रभारी डीईओ
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो