scriptरिश्तेदार डॉक्टर से 10 लाख मांगे, नहीं दिए तो मरीज से दुष्कर्म की कहानी रच बांट दिए पर्चे | extortion | Patrika News

रिश्तेदार डॉक्टर से 10 लाख मांगे, नहीं दिए तो मरीज से दुष्कर्म की कहानी रच बांट दिए पर्चे

locationइंदौरPublished: May 21, 2019 10:14:13 pm

रुस जाने के पहले पकड़ाया आरोपी, पुलिस ने किया वसूली के लिए धमकाने का केस दर्ज


इंदौर. डॉक्टर से नजदीकी रिश्तेदार ने 10 लाख की मांग की और नहीं देने पर बर्बाद करने की धमकी दी। बाद में रिश्तेदार ने महिला मरीज से इलाज के दौरान दुष्कर्म कहानी रच काल्पनिक महिला के नाम से पर्चे छपवाए और इलाके में बांट दिए। सीसीटीवी में रिश्तेदार की हरकत सामने आ गई जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर वसूली व धमकाने का केस दर्ज किया है।
तुकोगंज पुलिस ने मंगलवार दोपहर अक्षय बाकलीवाल निवासी विजयनगर को उसके घर से पकड़ा, पुलिस अक्षय को थाने लेकर आई तो दोनों पक्ष के काफी लोग जमा हो गए। अक्षय पहले भी एक धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जंजीरवाला चौराहे पर कास्मेटिक सर्जन व डेंटल क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर का अक्षय नजदीकी रिश्तेदार है। डॉक्टर का आरोप है कि कुछ दिन पहले अक्षय ने उनसे कहा कि वह काफी पैसा कमा रहा है, उसे दस लाख रुपएं दे। पहले भी वह कभी 15 लाख तो कभी 20 लाख की मांग कर चुका है। जब डॉक्टर ने पैसा देने से इनकार किया तो उसे बर्बाद करने की धमकी दी थी। अक्षय का बीमा पॉलिसी का काम है। डॉक्टर को हाल ही में परिचितों व मरीज से पता चला कि उनके क्षेत्र में आपत्तिजनक पर्चे बांटे जा रहे है। धार्मिक स्थल के आसपास पर्चों को चस्पा किया गया। पर्चे एक महिला के नाम से थे जिसमें आरोप लगाया गया था कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे अधिकारियों से संबंध का हवाला देकर धमका रहे थे। डॉक्टर ने तुकोगंज टीआई तहजीब काजी को पर्चे को लेकर शिकायत कर दी। जहां पर्चे लगे थे वहां इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी गई तो पता चला कि पर्चे अक्षय ने अपने एक साथी के साथ मिलकर लगाए है। फुटैज से साबित होने के बाद पुलिस ने अक्षय को पकड़ा और वसूली व धमकाने की धारा 384, 506 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अक्षय का पुलिस के सामने कहना था कि उसका प्रापर्टी को लेकर विवाद है जबकि डॉक्टर ने इससे इनकार किया। टीआई काजी के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो