इंदौर

ब्रेकिंग : एक साथ गायब हो गए पांच बच्चे, परिजन को बड़ी अनहोनी का डर

शहर के पास तिल्लौर खुर्द से एक साथ पांच बच्चों के गायब होने का मामला सामने आया है।

इंदौरJul 12, 2018 / 01:48 pm

amit mandloi

ब्रेकिंग : एक साथ गायब हो गए पांच बच्चे, परिजन को बड़ी अनहोनी का डर

इंदौर. शहर के पास तिल्लौर खुर्द से एक साथ पांच बच्चों के गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही गांव में हड़क़ंप मच गया है। बच्चों के परिजन ग्रामीणों के साथ गुरुवार सुबह पुलिस थाने पहुंचे। यहां पुलिसकर्मियों को बताया कि बच्चों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। वे बुधवार को काम पर चले गए थे। शाम को वापस लौटे तो बच्चों के गायब होने का पता चला। पहले एक बच्चे गोलू के गायब होने की सूचना मिली थी। कुछ देर बाद पता चला कि अमन, सुधीर, अमन और प्रियांशु भी गायब है। सभी बच्चों की उम्र आठ से दस वर्ष की बताई जा रही है। पूरी रात तलाश करने के बाद भी बच्चे कहीं पर भी नहीं मिले। परिजन सुबह खुड़ैल थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट की। पुलिस ने बच्चों की तलाश तेजी से शुरू कर दी है। परिजन किसी बड़ी अनहोनी की आशंका में परेशान हो रहे हैं। उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
पुलिस ने शुरू किया था मुस्कान अभियान

गौरतलब है कि बच्चों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस ने पिछले साल मुस्कान अभियान शुरू किया था। अभियान के तीसरे चरण में पुलिस ने एक महीने में 945 बच्चों को ढूंढ़ निकाला। इनमें से 935 को परिवार के सुपुर्द किया था। 10 बच्चों का घर नहीं मिलने पर उन्हें आश्रम भेज दिया गया था। वर्ष 2016 में चले मुस्कान अभियान में पुलिस ने इंदौर जिले से 695 बच्चों को ढूंढ़ा था। इनमें से 11 बच्चों के परिवार नहीं मिल पाए थे।
सौतेले माता-पिता को नहीं करते स्वीकार

पुलिस के अनुसार कई बार माता-पिता की दूसरी शादी होने से भी दिक्कत आती है। सौतेले माता-पिता बच्चे को परेशान करते हैं। कई बार बच्चे इन्हें स्वीकार नहीं कर पाते। कार्रवाई के दौरान पुलिस को बच्चे धर्मस्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर घूमते मिले थे। पुलिस बच्चों की गुमशुदगी के मामलों को अब काफी गंभीरता से ले रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.