scriptमरने के बाद तो सभी तर्पण, जीते जी भी पितरों को रखें प्रसन्न | Free tarpan rituals continue at Hansdas Math, motivational discourses | Patrika News

मरने के बाद तो सभी तर्पण, जीते जी भी पितरों को रखें प्रसन्न

locationइंदौरPublished: Sep 22, 2021 12:57:40 am

हंसदास मठ पर आचार्य पं. पवन तिवारी ने श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा आयोजित 17 दिवसीय नि:शुल्क तर्पण अनुष्ठान के दौरान उक्त प्रेरक विचार व्यक्त किए।

tarpan.jpg
इंदौर. आज यदि हम अपने पितरों के लिए तर्पण और श्राद्ध कर रहे हैं तो निश्चित ही कल हमारी संतान भी हमारे लिए करेगी। मरने के बाद तो सभी अपने दिवंगतों के लिए तर्पण, श्राद्ध, बरसी एवं विभिन्न रस्में करते हैं लेकिन कोशिश यही होना चाहिए कि जीते जी भी हम उनकी सेवा और प्रसन्नता में कोई कसर नहीं छोड़ें। हमारे कर्म ऐसे हो कि बाद में पश्चाताप नहीं करना पड़े। हंसदास मठ पर आचार्य पं. पवन तिवारी ने श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा आयोजित 17 दिवसीय नि:शुल्क तर्पण अनुष्ठान के दौरान उक्त प्रेरक विचार व्यक्त किए। महामंडलेश्वर स्वामी रामचरण दास महाराज के सान्निध्य में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अर्चना जायसवाल व परशुराम महासभा के पं. पवनदास शर्मा के विशेष आतिथ्य में भगवान हरि विष्णु के पूजन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगलवार को श्राद्ध पक्ष के दूसरे दिन के तर्पण का शुभारंभ हुआ। प्रारंभ में संस्था के संयोजक हरि अग्रवाल, अध्यक्ष मोहनलाल सोनी, राजेन्द्र गर्ग आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। श्राद्ध की द्वितीया तिथि पर बड़ी संख्या में साधकों ने विधि-विधान पूर्वक पं. तिवारी के निर्देशन में अपने पितरों के प्रति तर्पण क्रिया संपन्न की। तर्पण के बाद निर्धनों, पशु-पक्षियों के लिए खीर प्रसाद की व्यवस्था भी यहां प्रतिदिन रखी गई है। इस बार एक तिथि अधिक होने से यह क्रम 17 दिनों तक चलेगा। सभी साधकों के लिए तर्पण सामग्री, थाली, कलश, दूध, दुर्वा, तिल्ली, जौ, पुष्प एवं जनेऊ सहित सभी सामग्री एवं बर्तन की व्यवस्था समिति की ओर से नि:शुल्क कराई जा रही है।
तर्पण के दौरान दिवंगत पूर्वजों, स्वतंत्रता सेनानियों, देश के लिए शहीद हुए जवानों, इंदौर रियासत के पूर्व शासकों एवं कोरोना में दिवंगत हुए शहर के नागरिकों तथा गौमाता के लिए भी मोक्ष की कामना के साथ विश्वशांति एवं जन मंगल के अनुष्ठान किए गए। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल के साथ 11 अन्य महिलाओं ने भी तर्पण अनुष्ठान में भाग लिया।

ट्रेंडिंग वीडियो