इस घर में हैं विघ्नहर्ता के जय-वीरू, क्रिकेटर, वकील और नृत्य करते रूप
इंदौरPublished: Sep 21, 2023 06:49:51 pm
सीए ने किया 5 हजार से भी ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का कलेक्शन


इंदौर. शहर के एक शख्स हैं जिनकी गणपति बप्पा में अटूट श्रद्धा है, वे पेशे से तो सीए है, लेकिन विघ्नहर्ता की मूर्तियों का इनके पास हजारों की संख्या में कलेक्शन हैं। इनमें मेटल से लेकर सिरेमिक, मिट्टी से लेकर वुडन और दूसरे माध्यमों में बनाई गई मूर्तियां भी शामिल हैं। पीपल के पत्ते पर बने सोने के गणेश के अलावा अमरीकन डायमंड के भी विभिन्न और आकर्षक रूप हैं...। ये कलेक्शन हैं बंगाली चौराहा निवासी राजकुमार शाह के पास। शाह के घर में वकील, डांसर, क्रिकेटर, लैपटॉप चलाते हुए गणेशजी से लेकर जय-वीरू जैसे तमाम तरह के गणेशजी के रूप हैं। खास यह है कि पांच हजार में से कोई भी प्रतिमा ऐसी नहीं हैं, जिसमें थोड़ी भी समानता हो। सभी प्रतिमाएं अलग मुद्राओं में हैं।
शाह का कहना है, यदि भगवान राम का नाम लिया जाए तो आंखों के सामने तीर-धनुष लिए भगवान की आकृति उभर आती है, लेकिन भगवान गणेश का नाम लिया जाता है, तो दिमाग में कई अलग-अलग आकृतियां आ जाती हैं। इसी से मिली प्रेरणा ने ये कलेक्शन करवाया है।
20 साल पहले शुरू किया था कलेक्शन
राजकुमार शाह ने करीब 20 साल पहले गणेशजी की प्रतिमा का कलेक्शन शुरू किया था। उनके कलेक्शन में नियमित नई गणेश प्रतिमाएं आती जा रही हैं। वे पहले ग्रीटिंग कार्ड पर बने गणेशजी इक_ा करते थे, फिर मूर्तियां इक_ा करना शुरू किया। उन्होंने कहा, संग्रह में भारत के साथ ही दूसरे देशों से लाए गए गणेशजी भी हैं, जिसमें इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड तक से मूर्तियां लाई गई हैं।