scriptगीता रचाने वाली है स्वयंवर, शादी के लिए 30 दावेदार | gita marriage proposal | Patrika News

गीता रचाने वाली है स्वयंवर, शादी के लिए 30 दावेदार

locationइंदौरPublished: May 16, 2018 11:18:08 am

विदेश मंत्री तलाश रहीं दूल्हा, दावेदारों से मिलकर गीता बताएगी पसंद

geeta
इंदौर. पाकिस्तान से आई गीता की शादी के लिए 30 युवकों के बायोडाटा आए हैं। विदेश मंत्रालय की देखरेख में एक तरह से गीता के लिए स्वयंवर कराया जाएगा। बायोडाटा भेजने वाले सभी 30 युवकों से मिलकर गीता अपनी पसंद बताएगी। गीता किसी को पसंद करती है तो जल्द शादी करा दी जाएगी। गीता के माता-पिता का पता नहीं चल पाया है। वह मूक-बधिर केंद्र में रहती है।
गीता को पाकिस्तान से लाने और यहां रखने में भूमिका निभाने वाली विदेश मंत्री सुषमा स्वराज शादी के लिए भी कोशिश कर रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से युवाओं ने गीता से शादी की इच्छा जाहिर की है। इनमें गुजरात का सामान्य युवक तो अन्य राज्यों के मूक-बधिर भी शामिल हैं। मूक-बधिर संगठन के ज्ञानेंद्र पुरोहित व मोनिका पुरोहित ने इसके लिए प्रयास किए थे।
30 युवकों के बायोडाटा पुरोहित दंपती ने सुषमा स्वराज को पहुंचा दिए हैं। गीता एक युवक से मिल भी चुकी है। उसकी इच्छा सभी से मिलने की है, ताकि अपना जीवनसाथी तय कर सके। ज्ञानेंद्र पुरोहित के मुताबिक, गीता की इच्छा विदेश मंत्री को बता दी गई है। सुषमा स्वराज ने कहा है, जल्द ही बायोडाटा भेजने वाले युवकों से गीता को मिलाया जाएगा। वह जिसे तय करेगी उसकी पूरी जानकारी निकाली जाएगी। संतुष्ट होने पर पूरे रीति-रिवाज से उसका विवाह करा दिया जाएगा।
एक साल पहले पता चला था शादी करना चाहती है गीता

मूक-बधिर संगठन प्रबंधन की ओर से करीब एक साल पहले विदेश मंत्रालय को चिट्ठी लिखी गई थी कि गीता शादी करना चाहती है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के सामने भी कहा था कि पढ़ाई में गीता का मन नहीं लगता है। इसलिए वह शादी करना चाहती है।
2015 में पाकिस्तान से भारत आई थी गीता
2015 में गीता को विदेश मंत्रालय की पहल पर भारत लाया गया था। इन दो सालों में जिला प्रशासन ने गीता के मां-बाप होने का दावा करने वाले कई लोगों का डीएनए टेस्ट करवाया है। अभी तक किसी से उसका डीएनए मैच नहीं हुआ है।

ट्रेंडिंग वीडियो