script

छावनी अनाज मंडी में हम्मालों की हड़ताल

locationइंदौरPublished: Apr 08, 2019 11:28:11 am

Submitted by:

Uttam Rathore

बोरी का वजन 50 किलो करने की मांग,लक्ष्मीबाई अनाज मंडी में चल रहा है कामकाज

 chhaavani Anaj Mandi

छावनी अनाज मंडी में हम्मालों की हड़ताल

इंदौर. छावनी अनाज मंडी में आज सुबह हम्मालों ने फिर हड़ताल कर दी। बोरी का वजन 50 किलो करने की मांग को लेकर हड़ताल की गई है। इससे पूरा कामकाज प्रभावित हो गया और व्यापारियों के साथ किसान परेशान हो रहे हैं। दरअसल, लक्ष्मीबाई अनाज मंडी में कामकाज चालू है।
लंबे समय से हम्माल मांग कर रहे हैं कि बोरी का वजन 100 किलो की बजाय 50 किलो किया जाए। उनकी इस मांग को मंडी प्रबंधन समिति नहीं मान रही है। साथ ही व्यापारी भी मांग का विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि 50 किलो तुलाई को लेकर पूरे देश में कोई निर्णय नहीं हुआ है। अगर हम 50 किलो तुलाई का निर्णय लें ले और बाहर से माल 100 किलो की तुलाई का आ गया तो कौन उतारेगा। इसलिए 50 किलो तुलाई का निर्णय ऑल इंडिया लेबल पर होने पर ही मान्य करेंगे। इससे हम्मालों को भी अवगत करा दिया गया, लेकिन हम्माल मान नहीं रहे और आए दिन काम बंद हड़ताल कर रहे हैं। आज सुबह फिर छावनी अनाज मंडी के हम्मालों ने 50 किलो तुलाई की मांग को लेकर काम बंद हड़ताल कर दी। इससे जहां व्यापार प्रभावित हुआ, वहीं बाहर से मंडी में गेहूं, चने और अन्य अनाज बेचने के लिए आए किसान परेशान होते रहे। हड़ताल के चलते मंडी के गेट नहीं खोले गए और किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बाहर ही खड़े रहे। हम्मालों की बार-बार हड़ताल से परेशान छावनी अनाज मंडी के व्यापारी एसोसिएशन ने बैठक बुलाई है जो कि सुबह 11.30 बजे से शुरू होगी। इसमें हम्मालों को भी बुलाया गया है, जिन्हें समझाईश देकर हड़ताल खत्म कराई जाएगी। छावनी अनाज मंडी में जहां हड़ताल के चलते व्यापार ठप पड़ा रहा, वहीं लक्ष्मीबाई नगर मंडी में किसानों के माल की खरीदी-बिक्री की गई।

ट्रेंडिंग वीडियो