इंदौर

पढ़िए गणेश उत्सव की रोचक कहानी, कब, कहां और कैसे मनाया था उत्सव

देशभर में गणेश उत्सव की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक ने की थी, लेकिन उत्सव को महाराष्ट्र से इंदौर तक आने में कई साल लग गए।

2 min read
Aug 18, 2017
गणेश उत्सव

सुमित एस. पांडेय@ इंदौर. देशभर में गणेश उत्सव की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक ने की थी, लेकिन उत्सव को महाराष्ट्र से इंदौर तक आने में कई साल लग गए। इंदौर में गणेशोत्सव की यात्रा बड़ी दिलचस्प रही है। पत्रिका की इस विशेष शृंखला के माध्यम से उस यात्रा के अहम पड़ावों से रूबरू कराएंगे।

शहर में कुछ उत्साही युवकों ने 1921-22 में नॉवेल्टी मार्केट की गली नंबर-2 के श्रीराम मंदिर से सार्वजनिक गणेश उत्सव की शुरुआत की थी। पहली बार गणपति की मूर्ति स्थापना, इसी मंदिर में की गई थी। हर साल होने वाले समारोह में देशभर की संगीत हस्तियां प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। 1942 में क्रांतिकारी वीर सावरकर गणेश उत्सव मंडल के समारोह में शामिल हुए। इन उत्साही युवाओं में श्रीधर भैया जोशी, नेने मास्टर, चक्रदेव, शिवडेकर पहलवान, देवड़े, दत्तू भईया मराठे और पतकी शामिल थे।

एेसे हुई शुरुआत
देश में गणेश उत्सव की गौरवशाली परंपरा का यह 125वां साल है। भारतीय समाज को एकजुट करने के लिए बाल गंगाधर तिलक ने 1893 में सार्वजनिक गणेश उत्सव मनाने की घोषणा उन्हीं के संपादकीय में प्रकाशित हो रहे समाचार-पत्र केसरी के माध्यम से की थी। स्वराज हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है, कहकर अंग्रेजों के खिलाफ पहली बार क्रांति का बिगुल फूंकने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक मानते थे, यह उत्सव जाति व धर्म में बंटे समाज को एकजुट करने में मददगार साबित होगा।

650 रुपए में खरीदी थी गणेश मंडल की जमीन
अखाड़े के संचालनकर्ता श्रीधर भैया जोशी के बेटे प्रभाकर मराठे कहते हैं, तीन-चार साल गणेश उत्सव धूमधाम से श्रीराम मंदिर में हुआ। 1924 में गणेश उत्सव में एक दिन होलकर राजा तुकोजीराव गणपति पूजन के लिए पहुंचे। उनके आने पर गणपति उत्सव में भारी भीड़ जुट गई, जगह कम होने के कारण। महाराज ने गणेश उत्सव को सोनार बाड़ा (स्वर्णकारों का बाजार) ले जाने का निर्णय लिया। यह गली नंबर-4 के पास था। आयोजकों ने इसके बाद निर्णय लिया, गणेश उत्सव के लिए स्थायी जगह होनी चाहिए। उत्सव के चंदे के 650 रुपए में वर्तमान गणेश मंडल की जमीन खरीदी गई। 1927 से यहां पर उत्सव मनाया जाने लगा। छप्परों व पतरों के नीचे एक अखाड़े पर हर साल गणपति की मूर्ति स्थापना की जाती।

चंद्रावती होलकर ने खुश होकर दिए 10 हजार
मराठे कहते हैं, 1927 में जेल रोड पर संचालित अखाड़े में इसी साल महारानी चंद्रावती होलकर उत्सव में शामिल होने अखाड़ा स्थल पहुंच गईं। उनके सामने अखाड़ा के जांबाजों ने करतब दिखाए, मलखम्ब की प्रस्तुतियां हुईं। इससे खुश होकर तुकोजीराव होलकर पत्नी व इंदौर की महारानी चंद्रावती होलकर ने 10 हजार रुपए की घोषणा की, जिससे गणेश उत्सव मंडल की खुद की इमारत का निर्माण कार्य शुरू हुआ। 1932 में इमारत बनकर तैयार हुई। तब से अब तक चंद्रावती हॉल में ही गणपति की स्थापना होती रही है। श्रीराम मंदिर के श्रीराम महाशब्दे ने बताया, बग्घी में गणपति की शोभायात्रा निकलती थी, जो पूरे नॉवल्टी का चक्कर लगाकर लौटती थी। भारी भीड़ पीछे-पीछे जयकार करते हुए चलती थी।

Updated on:
18 Aug 2017 10:10 am
Published on:
18 Aug 2017 09:49 am
Also Read
View All

अगली खबर