इंदौर

पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की पिटाई तो पत्नी ने खा लिया जहर, दूसरे दिन पति ने भी दे दी जान

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी पुलिस को सूचना

इंदौरJul 17, 2019 / 01:08 pm

रीना शर्मा

पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की पिटाई तो पत्नी ने खा लिया जहर, दूसरे दिन पति ने भी दे दी जान

इंदौर. बिलावली तालाब में आज सुबह एक निगम कर्मचारी ने कूदकर आत्महत्या कर ली। आज सुबह वह घूमने के बहाने बिलावली तालाब पर आया था। वहां पर पाल पर जाकर कूद गया। आसपास के लोग कुछ कर पाते तब तक डृूब गया। उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने भी जहर खा लिया था।
पुलिस के अनुसार अर्पित इंगले निवासी गणेशगंज के शव को पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। वह निगम के जनकार्य विभाग में मस्टरकर्मी था। आसपास के लोगों ने तलाब में कूदने की सूचना पुलिस को दी। इस पर दल वहां पर पहुंचा और शव को निकलवाया है। पूछताछ में पता चला है कि वह आज सुबह घूमने के लिए तालाब पर आया था। यहां पर उसका परिचित युवक विक्की मिल गया था। उसने नमस्ते की तो जवाब दिया और आगे चला गया। कुछ देर बाद पानी में कुछ गिरने की आवाज आई तो आसपास के लोग वहां पर पहुंचे। इस पर अर्पित पानी में दिखाई दिया। उसे तैरना नहीं आता था, इसी के कारण कुछ ही देर में डूब गया। फिलहाल परिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
पत्नी ने भी जहर खाया

अर्पित का पत्नी पूजा से विवाद चल रहा था। पत्नी ने कल जहर खा लिया था। उसे परिजन इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। उनका आरोप था अर्पित के किसी अन्य महिला से संबंध हैं। इसी बात को लेकर उनके बीच में विवाद चल रहा था। उसकी पुलिस में शिकायत भी की गई है। कल पूजा ने उसे महिला के साथ में देख लिया। उसने पति की इस हरकत का विरोध किया था। परिजनों का आरोप है कि अर्पित और उस महिला ने मिलकर पूजा की पिटाई कर दी थी। इससे आहत होकर उसने जहर खा लिया था। परिजनों को पता चला तो अस्पताल ले आए।
दो थानों के बीच चलता रहा मामला

आत्महत्या की जानकारी मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस का दल वहां पर पहुंच गया। जहां से वह कूदा वह भंवरकुआं थाना क्षेत्र के तहत बताया जा रहा। इसके चलते भंवरकुआं पुलिस को सूचना दी गई। भंवरकुआं पुलिस का दल भी वहां पहुंच गया। दोनों ही दलों के बीच में क्षेत्र को लेकर विवाद चलता रहा। आखिरकार यह तय हुआ कि तेजाजी नगर पुलिस फिलहाल जांच करेगी। अगर भंवरकुआं का मामला निकला तो जीरो पर कायमी करके वहां पर भेज दिया जाएगा।

Home / Indore / पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की पिटाई तो पत्नी ने खा लिया जहर, दूसरे दिन पति ने भी दे दी जान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.