चांटे के बदले युवकों को चाकू से गोदा
एमजी रोड पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
इंदौर
Published: May 30, 2022 11:30:15 am
इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में मामूली सी बात पर हुए विवाद में आरोपी ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। रास्ते में पैदल चलने की बात को लेकर विवाद हो गया था। घायल ने चांटा मारा तो आरोपी ने चाकू से युवकों पर हमला कर दिया। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ललित उर्फ लाल ङ्क्षसह पिता दूल्हे ङ्क्षसह (22) निवासी मांडव और नितिन पिता कन्हैयालाल गुप्ता निवासी स्नेहलतागंज को घायल हालत में अस्पताल भेजा है। नितिन की हालत गंभीर बनी हुई है। वे दोनों जेल रोड से जा रहे थे, इसी दौरान चारों आरोपी वहां से निकले। पास से जाते हुए धक्का लग गया। इसी बात पर आरोपियों से विवाद हो गया। इस पर फरियादी ने चांटा मार दिया। इस पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। चारों ने चाकू से ताबड़तोड़ नितिन पर वार किए। जब ललित उसे बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया। नितिन की हालत गंभीर है। विवाद की सूचना पर पुलिस दल भी सक्रिय हो गया था। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। जांच में चंदन नगर के आरोपियों के इस कांड में शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर बवाल, सड़क पर चले चाकू
खजराना में नाबालिगों में विवाद हो गया। इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद सोशल मीडिया से सड़क पर आ गया। इसके बाद दोनों ही पक्षों में मारपीट हुई और चाकू चल गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया है। एक पक्ष का कहना है कि आरोपी उसके भाई के साथ में इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज कर रहा था। फरियादी के भाई ने फोन लगाकर बात की तो आरोपी ने उसे मिलने के लिए रॉयल फार्म हाउस के पास बुलाया। जब दोनों भाई वहां पहुंचे तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और उनके साथ मारपीट कर दी। उन्हें पीटने के बाद नुकीली चीज से मारा। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि वह दोस्तों के साथ में खड़ा हुआ था। इसी दौरान आरोपी वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया तो मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया और वहां से भाग गए। गौरतलब है कि इससे पहले बाणगंगा में इंस्टाग्राम पर चैलेंज करने को लेकर नाबालिग को उसके साथी ने ब्लेड मारकर घायल कर दिया था। अब एक नया विवाद सामने आ गया है।
नाचने के दौरान धक्का लगा तो युवक को मारा चाकू
खजराना थाना क्षेत्र में शादी समारोह में विवाद हो गया। नाचने के दौरान धक्का लगने पर युवक से कहासुनी हुई और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। अजहर खान पिता अब्दुल खालिद (23) निवासी तंजीम नगर की शिकायत पर अनस उर्फ मंजरा और फैजान के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल ने पुलिस को बताया कि वह और उसका दोस्त एक शादी में गए थे। वे वहां पर नाच रहे थे। नाचते समय एक आरोपी को धक्का लग गया। इस पर आरोपियों से कहासुनी हो गई। उस समय आरोपी चले गए। जब फरियादी व उसका दोस्त पैदल-पैदल घर आ रहे थे तो गरीब नवाज कॉलोनी में दोनों आरोपी मिल गए। धक्का लगने की बात को लेकर गाली-गलौज करना शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे पीट दिया और किसी नुकीली चीज से मारा, जिससे चोट लगी है। आसपास के लोग आए तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया।

Crime News
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
