भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत की तैयारी,...होगा शक्ति प्रदर्शन
राकेश सिंह आज शहर में : होर्डिंग्स-बैनर-पोस्टर से नेताओं ने पाट दिया पूरा रैली मार्ग, बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक निकालेंगे रैली, धमाकेदार होगी एंट्री

इंदौर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद राकेश सिंह आज पहली बार इंदौर आ रहे हैं। बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक रैली निकलेगी, जिसके चलते पूरी मार्ग को होर्डिंग्स-पोस्टरों से पाट दिया है। स्थानीय नेता एक तरह से शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं, कुछ कलाकारों ने तो एक दिन पहले ही मंच ठोककर जगह पर कब्जा कर लिया ताकि विवाद की स्थिति नहीं बने।
नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सिंह की आज इंदौर में धमाकेदार एंट्री होगी। नेताओं में जोश इसलिए भी है कि सिंह के साथ संगठन महामंत्री सुहास भगत भी आ रहे हैं। दोनों नेताओं को अपनी ताकत दिखाने का मौका मिल जाएगा। जिले में प्रवेश करते ही शिप्रा में अगवानी की जिम्मेदारी विधायक राजेश सोनकर को दी गई है।
वहां से कारवा मांगल्या पहुंचेगा, यहां सावन सोनकर टीम के साथ स्वागत करेंगे। वहां से सिंह जैसे ही पंचवटी पहुंचेंगे, युवा मोर्चा की टीम बाइक रैली के रूप में बड़ा गणपति तक साथ रहेगी। विजय नगर में विधायक रमेश मेंदोला तो गांधी नगर में विधायक मनोज पटेल स्वागत करेंगे। यहां से सिंह बड़ा गणपति पहुंचेंगे और रैली शुरू होगी, जो राजबाड़ा तक पहुंचेगी।
अपने मुखिया के लिए भाजपाइयों ने बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक पूरे मार्ग को होर्डिंग्स-पोस्टरों से पाट दिया है। बड़ा गणपति पर नेताओं ने सिंह के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए हैं। इधर, स्वागत मंच को लेकर रात से ही होड़ मच गई। टोरी कॉर्नर तक सैकड़ों मंच लगाए गए हैं। रैली मार्ग पर गौरव रणदिवे, बबलू शर्मा, प्रदीप नायर, वायडी शर्मा, नारायण पटेल और हितेश पाटीदार ने भी बड़ी संख्या में होर्डिंग लगा रखे हैं।
यह रहेगा रैली में क्रम
रैली में सबसे आगे सूचना वाहन चलेगा। उसके पीछे बैंड-बाजे रहेंगे। बाद में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पगड़ी पहनकर चलेंगीं। इनके पीछे युवा मोर्चा ढोल-ढमाकों के साथ होंगे। उनके बाद पिछडा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता केसरिया पगड़ी पहने होंगे तो पीछे अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता रहेंगे। अजा मोर्चा के कार्यकर्ता भगवा टी शर्ट में होंगे, वहीं साथ में किसान मोर्चा रहेगा। मोर्चोंंं के बाद में विधानसभाओं को जगह दी गई है। दो नंबर, राऊ, पांच नंबर, तीन नंबर, चार नंबर, एक नंबर के कार्यकर्ता क्रम में होंगे। अजजा मोर्चा की टीम वनवासी पहनावे में रहेगी। आखिर में राकेश सिंह व सुहास भगत का रथ चलेगा, जिसमें चुनिंदा नेता मौजूद रहेंगे।
सामाजिक समरसता का मंच भी
राकेश सिंह के स्वागत में एक मंच सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए भी होगा, जिसे भाजयुमो के पूर्व नगर अध्यक्ष गोलू शुक्ला ने तैयार किया है। मल्हारगंज थाने के सामने ५४ फीट लंबे मंच पर ब्राह्मण, क्षत्रिय, पिछड़ा और वाल्मीकि समाज के कार्यकर्ता १०१ किलो फूलों की माला से स्वागत कर तलवार भेंट करेंगे। आतिशबाजी के बाद में सिंह को फलों से तौला जाएगा।
रैली की कमान लालवानी के हाथ
व्यवस्थाओं की कमान संभागीय संगठन मंत्री जयपाल सिंह चावड़ा ने खुद संभाल रखी है। उन्होंने रैली के समन्वय की जिम्मेदारी आइडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी व महामंत्री नानूराम कुमावत को सौंपी है। नगर के जवाबदार नेताओं को पुराने अनुभव देखते हुए आयोजन में कोई खास जवाबदारी नहीं सौंपी गई।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज