script

लोन मिला नहीं, पांच लाख रुपए ऐंठ ले गई युवती

locationइंदौरPublished: Jan 27, 2019 07:40:29 pm

पलासिया इलाके का मामला, दो साल बाद युवती पर केस दर्ज

crime

लोन मिला नहीं, पांच लाख रुपए ऐंठ ले गई युवती

इंदौर. व्यापार बढ़ाने के लिए महिला ने लोन के लिए फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से संपर्क किया। लाखो रुपए का लोन फर्जी दस्तावेज से स्वीकृत बताकर महिला से पांच लाख रुपए ऐंठ लिए गए। दो साल बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पलासिया पुलिस ने बताया, गोयल विहार एवेन्यू निवासी आशा वर्मा (35) की रिपोर्ट पर निधि सोलंकी निवासी स्कीम 74 के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। महिला की न्यू पलासिया में हाईटेक एग्रो सीड्स नाम से दुकान है। अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए महिला को लोन की जरुरत थी। इस दौरान निधि उनके संपर्क में आई। उसने खुद को एक निजी फाइनेंस कंपनी की मैनेजर बताया। आशा ने उससे अपने व्यापार के लिए 48 लाख रुपए की जरुरत होने की बात कही। युवती ने उसे कंपनी से लोन दिला देने का भरोसा दिया। लोन का फॉर्म भरवा कर जरुरी दस्तावेज उसने लिए। कुछ समय बाद कंपनी का लेटर उसने आशा को दिया। जिसमें ४८ लाख रुपए का लोन स्वीकृत किए जाने की बात थी। जल्द ही खाते में लोन का पैसा ट्रांसफर हो जाने का भरोसा भी दिया। लोन स्वीकृत कराने के एवज में प्रोसेसिंग फीस व अन्य खर्च के नाम पर निधि ने पांच लाख रुपए मांगे थे। लोन स्वीकृति का लेटर देने के बाद उसने कर्नाटका बैंक का अपना खाता नंबर दिया। इसमें आशा ने पांच लाख रुपए ट्रांसफर भी कर दिए। काफी दिन बाद भी लोन का पैसा नहीं आया तो महिला ने उससे संपर्क किया। पहले कई दिन तक टालमटोली करती रही। बाद में वह गायब हो गई। इसी के बाद महिला उसकी तलाश करती रही। जब पता नहीं चला तो मामले की शिकायत पुलिस से की गई। दो साल बाद पुलिस ने जांच कर मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया।

ट्रेंडिंग वीडियो