इंदौर

होटल के कमरे में फैला था खून, सीसीटीवी में हड़बड़ी में दिखा व्यापारी, आयकर अफसरों से होना थी मुलाकात

छोटी ग्वालटोली इलाके का मामला, 19 लाख रुपए का देना था हिसाब

इंदौरDec 08, 2019 / 11:02 am

Chintan

होटल के कमरे में फैला था खून, सीसीटीवी में हड़बड़ी में दिखा व्यापारी, आयकर अफसरों से होना थी मुलाकात

इंदौर. उत्तरप्रदेश का हींग व्यापारी अचानक लापता हो गया। होटल के कमरे में काफी खून मिला। सीसीटीवी कैमरे में वह हड़बड़ी में निकलता दिखा। उसकी आखिरी लोकेशन पटेल ब्रिज थी। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग में उसके पास से 19 लाख रुपए मिले थे। इसका उसे आयकर विभाग को हिसाब देना था।
टीआई छोटी ग्वालटोली डीव्हीएस नागर ने बताया कि, होटल नीलम में 5 दिसंबर को गौरव बंसल (40) निवासी हाथरस उत्तरप्रदेश आकर रुका था। वह हींग व्यापारी है। अक्सर व्यापार के सिलसिले में इंदौर आता है। यहां पर व्यापारियों से कलेक्शन कर शुक्रवार को वह वापस लौट रहा था। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग में जीआरपी पुलिस ने उसे रोका। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 19 लाख रुपए मिले। थाने लाकर रुपए को लेकर पूछताछ में कोई संतोषजनक जबाव वह नहीं दे पाया। इसके चलते जीआरपी पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम जीआरपी थाने पहुंची। आवश्यक कार्रवाई कर 19 लाख रुपए जब्त कर वह ले गई। उन्होंने शनिवार दोपहर 12.30 बजे गौरव को रुपए की जानकारी देने के लिए बुलाया था। कार्रवाई के बाद रात 2 बजे वह फिर होटल नीलम पहुंचा। उसने होटल स्टॉफ से फल काटने का चाकू मंगवाया।
शनिवार को उससे मिलने के लिए कुछ परिचित होटल पहुंचे। दरवाजा नहीं खोला तो मैनेजर से बात की। मास्टर चाबी से लॉक खोला तो अंदर जमीन व बिस्तर पर काफी खून फैला हुआ था। चाकू में भी खून लगा हुआ था। संभवत उसने अपने हाथ की नस काटी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। होटल के सीसीटीवी फुटेज देखे तो वह पहले छत पर जाता नजर आया। इसके बाद वह काफी तेजी से होटल के मेनगेट से सुबह 6.33 बजे निकल गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे तो पटेल ब्रिज पर वह जाता हुआ नजर आया। आसपास के इलाके व गलियों में पुलिस ने तलाश की लेकिन गौरव का पता नहीं चला। अस्पताल में भी पता करवाया गया। वह अपना मोबाइल व सामान होटल में ही छोड़ गया। पुलिस ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की। उसके पिता को फोन कर घटना बताई। वे लोग इंदौर आ रहे है। सोशल मीडिया पर भी फोटो व जानकारी पुलिस ने वायरल की। इसके बाद भी गौरव का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

Home / Indore / होटल के कमरे में फैला था खून, सीसीटीवी में हड़बड़ी में दिखा व्यापारी, आयकर अफसरों से होना थी मुलाकात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.