इंदौर

जवाहर मार्ग पुल के एक पिलर का बेस तैयार

नगर निगम कर रहा युद्ध स्तर पर काम, नया ठेका देने के लिए दो-चार दिन में होगा अनुबंध और वर्कऑर्डर जारी

इंदौरOct 16, 2018 / 11:02 am

Uttam Rathore

जवाहर मार्ग पुल के एक पिलर का बेस तैयार

इंदौर.
22 सितंबर को हुई बारिश के चलते जवाहर मार्ग पुल का एक पिलर धंस गया। इसके बाद पुल से गुजरने वाले ट्रैफिक को बंद कर दिया गया। बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार किए गए। जवाहर मार्ग पुल को पूरा तोड़ कर फिर से नया बनाया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हो रहे इस काम को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए निगम ने एक पिलर का काम शुरू करवा दिया, जो कि चंद्रभागा पुल बनाने वाली ठेकेदार कंपनी पार्श बिल्डर कर रही है। निगम युद्ध स्तर पर यह काम करा रहा है। इसके चलते पुल के एक पिलर का फाउडेंशन यानी बेस तैयार हो गया है। लोहे का जाल बिछाने के साथ क्रांकीट कर दिया गया है। काम के चलते कान्ह नदी का पानी डायवर्ट किया गया है। पुल टूटने के बाद एक पिलर का काम क्यों शुरू करवाया गया? इस सवाल पर पुल-पुलिया प्रकोष्ठ के अफसरों का कहना है कि नए सिरे से टेंडर करने में समय लग रहा था। समय खराब न हो इसके लिए एक पिलर का काम शुरू करवा दिया। किस्मत से टेंडर आने के बाद पिलर बनाने वाली ठेकेदार कंपनी को ही पूरा पुल बनाने का ठेका मिला है।
इधर, जवाहर मार्ग पुल तोड़कर फिर से बनाने के लिए नए सिरे से टेंडर जारी किए गए, क्योंकि जवाहर मार्ग पुल बनाने का जिस कंपनी गैनन डंकर्ले लिमिटेड ने ठेका लिया था, उसने वर्कऑर्डर मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं किया था और टालमटोल कर रही थी। इसलिए निगम ने गैनन से काम छीनने के साथ नए सिरे से टेंडर जारी किए। विधानसभा चुनाव की लगी आचार संहिता के कारण नए टेंडर खोलने और वर्क ऑर्डर जारी करने को लेकर निगम ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पहले मंजूरी ली, जिसके बाद टेंडर खोले गए। इसमें कम रेट आने पर पार्श बिल्डर को ही जवाहर मार्ग पुल बनाने का ठेका दिया, जो पुल का एक पिलर बना रही है। टेंडर खुलने के बाद अब निगम दो-चार दिन में ठेकेदार कंपनी से अनुबंध करने के साथ वर्क ऑर्डर जारी करेगी। इसके बाद पुल बनाने की तय समयसीमा में काम करवाया जाएगा, ताकि जल्द-से-जल्द पुल का काम पूरा हो सके।
तकरीबन 7 करोड़ में गया ठेका
जवाहर मार्ग पुल बनाने का ठेका निगम ने तकरीबन 7 करोड़ रुपए में दिया है। इस पुल की लागत चंद्रभागा पुल की लागत से कम है। इससे निगम का फायदा हो गया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जवाहर मार्ग पुल 5 पिलरों पर बनेगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.