scriptकचरे में से निकला बिल, पता देख पहुंची टीम… वसूला दंड | Indore Municipal Corporation Commissioner's visit to cleanliness | Patrika News

कचरे में से निकला बिल, पता देख पहुंची टीम… वसूला दंड

locationइंदौरPublished: May 21, 2018 11:40:05 am

Submitted by:

Uttam Rathore

सुबह-सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले आयुक्त को सडक़ पर मिला कचरा, रात में सडक़ पर कचरा फेंकने वालों पर निगम रखेगा नजर

abc

कचरे में से निकला बिल, पता देख पहुंची टीम… वसूला दंड

इंदौर. रात में सडक़ पर कचरा फेंकने वालों पर अब नगर निगम नजर रखेगा और सख्त कार्रवाई भी करेगा। आज सुबह सफाई व्यवस्था देखने निकले निगमायुक्त को सडक़ पर कचरा पड़ा हुआ मिला। इस पर उन्होंने रात में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखकर पकडऩे के लिए अलग से कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए हंै। इधर रविवार को रोड पर मिले कचरे में से निगम अफसरों ने बिल ढूंढकर कचरा फेंकने वाले को पकड़ा और फिर स्पॉट फाइन किया।
साफ-सफाई को लेकर इंदौर देश में दूसरी बार नंबर वन आ गया, लेकिन शहर के कुछ इलाकों की जनता में कचरे को लेकर जागरुकता अब भी नहीं आई है, खासकर प्रमुख बाजारों में। आज सुबह निगम आयुक्त आशीष सिंह खुद सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले। निरीक्षण के चलते आयुक्त सिंह निगम अफसरों के साथ जैसे ही खजूरी बाजार पहुंचे, तो यहां पर सडक़ पर ही कचरे से भरी थैली पड़ी थी। यह देख उन्होंने पहले क्षेत्रीय मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई), दरोगा और सफाईकर्मी की क्लास लेकर जमकर फटकार लगाई, क्योंकि सुबह ७.३० बजे तक कचरा नहीं उठा था। इसके साथ ही कचरा कहां से आया और किसने सडक़ पर फेंका। इसकी जानकारी निकालने के लिए आसपास के लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि रात में कोई डालकर चला गया होगा। इस पर आयुक्त सिंह ने निगम अफसरों को निर्देशित किया कि रात में सडक़ पर कचरा डालने वाले लोगों को पकडऩे के लिए अलग से कर्मचारी तैनात किया जाए, जो कि रात को कचरा डालने वालों पर नजर रखेगा।
स्पॉट पर ही होगा फाइन
निगमायुक्त ने कचरा डालने वाले व्यक्ति के पकड़ाने पर स्पॅाट फाइन के साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था देखने के लिए लगाए अपर आयुक्तों को भी कचरा फेंकने वाले लोगों को पकडऩे के निर्देश दिए हंै। आयुक्त सिंह ने सुबह जोन 2, 3 और 4 में आने वाले वार्डों की कॉलोनी-मोहल्लों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के कंसल्टेंट अरसद वारसी और एनजीओ के गोपाल जगताप भी मौजूद थे।
…और लगाया जुर्माना
रात में सडक़ पर कचरा फेंकने वाले लोगों को पकडऩे के लिए निगमायुक्त ने जहां अलग से कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए है, वहीं कल जोन 13 के वार्ड 74 में निरीक्षण के दौरान अफसर डीआर लोधी ने एक मल्टी के बाहर कचरे का ढेर पाया। उन्होंने कचरा फेंकने वाले की पूछताछ की, जिसको लेकर लोगों ने कचरा न फेंकने की बात कहते हुए विवाद किया। मामला सुलझता नहीं दिखने पर लोधी ने कचरे की छानबीन कराई, जिसमें से एक बिल निकला। इसके आधार पर कचरा फेंकने वाले को ढूंढ़ा गया, जो कि विद्या नगर में रहने वाले अजय माखीजा निकले। अफसरों ने 500 रुपए का जुर्माना लगाकर वसूल किया। इसके साथ ही विद्या नगर के ही मीनाक्षी आपार्टमेंट में अमन पालनपुरे पर 250 रुपए का स्पॉट फाइन किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो