खुली जेल के लिए इंदौरी कैदी भी दौड़ में...
इंदौरPublished: Feb 20, 2023 11:15:46 am
- घर चार ही खाली, मुख्यालय के पाले में निर्णय
- सेंट्रल जेल से गए 22 कैदियों के आवेदन, यहां कैदी रह सकते हैं परिवार के साथ


indore jail
मनीष यादव @ इंदौर
शहर में खुली जेल के लिए पहली बार इंदौर के कैदी रुचि दिखा रहे हैं। इस बार सेंट्रल जेल से ही करीब 22 आवेदन मुख्यालय भेजे गए हैं, जबकि प्रदेश की दूसरी जेलों से भी आवेदन आए हैं। इंदौर में केवल चार घर ही खाली हैं। अब मुख्यालय को निर्णय लेना है कि किसे ये क्वार्टर दिए जाएंगे।
जिला जेल में खुली जेल बनाई गई है। यहां पर कैदी अपने परिवार के साथ रह सकते हैं। यहां पर 14 कुटिया ( घर) बनी हुई हैं, जहां कैदियों के रखा जाता है। हाल ही में चार कैदी रिहा हो गए हैं। खाली घरों के लिए मुख्यालय से प्रदेश की सभी जेल से आवेदन बुलाए गए हैं। सेंट्रल जेल से 22 कैदियों ने आवेदन दिया है, जबकि इससे पहले इंदौर के कैदी खुली जेल में जाने के लिए तैयार नहीं होते थे। अधिकारियों को समझाइश देकर आवेदन करने पड़ते थे, फिर भी एक या दो आवेदन ही मिल पाते थे। इस बार संख्या ज्यादा है। ये सभी नाम जेल मुख्यालय भेजे गए हैं, जहां से तय होंगे।
फिल्म की तर्ज पर खुली जेल
फिल्म दो आंखें बारह हाथ की तर्ज पर जेल विभाग ने खुली जेल की शुरुआत की है। इसके तहत अच्छे बर्ताव वाले आजीवन कारावास के कैदी यहां बनाई गई कुटिया में अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। उन्हें अपने परिवार का खर्च खुद उठाना पड़ेगा। इसके लिए सुबह वह जेल से जा सकेंगे। शाम को वापस लौट कर आना होगा। यह तब तक चलेगा जब तक कि उनकी बची हुई सजा पूरी नहीं हो जाती। वह चाहे तो अपने परिवार के साथ बाहर भी जा सकते हैं। इसके लिए पैरोल भी दी जाएगी। प्रतिबंधित अपराध वालों को और जिन्हें पेरोल की पात्रता नहीं है , वह यहां रहने के लिए आवेदन नहीं कर सकते।