इंदौर

आदिवासी सच्चाई का साथ देंगे, कलाकारी की राजनीति नहीं चलने वाली

इंदौर पहुंचते ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा पर साधा निशाना

इंदौरNov 25, 2021 / 08:56 pm

नितेश पाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की इंदौर यात्रा के दौरान स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा थे। इस दौरान गाडी से निकलकर नाथ ने सभी का अभिवादन किया।

इंदौर.उपचुनावों में आदिवासी सीटों पर मिली हार और भाजपा के आदिवासी समुदाय के लिए किए गए आयोजनों के बाद पहली बार इंदौर आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ अलग अंदाज में दिखे। उनका कहना था कि आदिवासी सच्चाई का साथ देंगे। कलाकारी की राजनीति नहीं चलने वाली है।
निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गुरूवार शाम को कमलनाथ इंदौर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद थे। एयरपोर्ट पर ही मीडिया से चर्चा के दौरान कमलनाथ ने कहा कि भाजपा आदिवासी वर्ग को को गुमराह व भ्रमित करने में लगी हैं। पिछले 18 वर्ष में इन्हें आदिवासियों की याद नहीं आई और आज आदिवासियों को गुमराह करने के लिए आयोजन कर रहे हैं, झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। वहीं उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज मध्य प्रदेश में हर वर्ग परेशान हैं, चाहे किसान हो, युवा हो, छोटा व्यापारी सब परेशान है। अपना प्रदेश अंधेरे की ओर घसीटा जा रहा है। और भाजपा सरकार ओर शिवराजसिंह चौहान को कोई होश नहीं है। मध्य प्रदेश गरीबी में देश पर चौथे स्थान पर है। ये शर्म की बात है उन्हें अपना सिर झुकाना चाहिए। इतने सालों के राज और इतने दावों के बाद मप्र गरीबी में चौथे स्थान पर आया है। वहीं उन्होंने भाजपा पर सीधे हमला करते हुए कहा कि 34 हजार करोड़ से एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। एयरपोर्ट जरूरी हो सकते हैं, लेकिन इतने पैसे में किसानों का कर्जा माफ किया जाए तो उससे आर्थिक गतिविधि बनेगी। इससे ज्यादा लाभ होगा। एयरपोर्ट बनाएं, लेकिन इसकी राशि कहां से आएगी। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास अब पुलिस प्रशासन और पैसे के अलावा कुछ नहीं बचा है। भोपाल में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की मैं निंदा करता हूं। युवा रोजगार व शिक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और उन पर बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया गया।
कांग्रेस नेताओं के यहां पहुंचे नाथ

लंबे समय के बाद इंदौर आए नाथ इस दौरान कांग्रेस नेताओं के घर भी पहुंचे। नाथ एयरपोर्ट से अपने समर्थक और पूर्व पार्षद प्रेम खडायता के घर पहुंचे। खडायता के छोटे भाई हिरेन का पिछले दिनों निधन हो गया था। उनके घर पर सांत्वना देने के बाद वे छावनी स्थित पूर्व एनएसयूआई शहर अध्यक्ष टंटू शर्मा के घर पर पहुंचे। यहां से वे कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल के घर पहुंचे। पटेल के पिता और पूर्व मंत्री रामेश्वर पटेल का निधन बीते दिनों हो गया था। वहां से वे युवक कांग्रेस पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंटू जोशी के घर पहुंचे। उनके पिता और प्रदेश के पूर्व मंत्री महेश जोशी का निधन भी बीते दिनों हो गया था, उनके घर पहुंचकर नाथ ने शोक संवेदनाएं प्रकट की। यहां से नाथ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सीपी शेखर के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। जहां कांग्रेसजनों से भी उन्होंने मुलाकात की और वहां से सीधे एयरपोर्ट पहुंचकर रवाना हो गए।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री का एयरपोर्ट पर जहां कांग्रेस नेताओं जिनमें प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल आदि शामिल थे ने स्वागत किया। वहीं उसके अलावा छावनी पहुंचने पर यहां भी उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा थे। इस दौरान गाडी से निकलकर नाथ ने सभी का अभिवादन किया।
विधायक बने सारथी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की इंदौर यात्रा के दौरान विधायक संजय शुक्ला उनके सारथी बने थे। शुक्ला खुद अपनी गाड़ी से नाथ को सभी जगह लेकर पहुंचे।

Home / Indore / आदिवासी सच्चाई का साथ देंगे, कलाकारी की राजनीति नहीं चलने वाली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.