कल शाम 6 बजे के आसपास चोरल रेंज के सैंडल गांव और बडवाह जिले के चेनपुरा गांव के ग्रामीणों को तेंदुआ नजर आया। यह दोनों गांव पास-पास में ही हैं। तेंदुए ने एक मवेशी को अपना शिकार भी बनाया। गांव में तेंदुए की हलचल ने ग्रामीणों में खौफ पैदा कर दिया। ग्रामीणों ने रातभर जागकर टॉर्च और लाठियों के दम पर गांव रक्षा की। तेंदुए के हलचल को लेकर शाम को ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे दी थी। इसके बाद बड़वाह से वन विभाग की टीम रात 10 बजे चेनपुरा गांव में पहुंची। रात 12 बजे तक चोरल रेंज की टीम भी पहुंच गई। वन विभाग की टीमों ने रात में ही आसपास के गांवों में भी मुनादी कराई और ग्रामीणों को सजग रहने की अपील करते हुए अपने घरों से न निकलने की हिदायत दी।

बरकरार है तेंदुए का खौफ, आइआइटी में लगाया पिंजरा इन दिनों शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए का खौफ बरकरार है। हाल ही में तीन तेंदुए के पग मार्क सिमरोल के आइआइटी परिसर में भी नजर आए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने परिसर में पिंजरे लगाए हैं। इन तीन पग मार्क में दो वयस्क तेंदुए और एक शावक के हैं।