scriptलोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने लगाया युवा ब्रिगेड को काम पर | LokSabha elections 2019 : BJP workorders to bjym | Patrika News

लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने लगाया युवा ब्रिगेड को काम पर

locationइंदौरPublished: Jan 07, 2019 10:54:57 am

Submitted by:

Mohit Panchal

सौंपी जिम्मेदारी, सभी आयोजनों के बनाए जाएंगे प्रभारी, १५ बिंदुओं पर जिला स्तर पर चलाना होंगे अभियान व आंदोलन

bjp

लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने लगाया युवा ब्रिगेड को काम पर

इंदौर। आम चुनाव को देखते हुए भाजपा ने युवा मतदाताओं को फोकस करना शुरू कर दिया है। उन्हें साधने के लिए पार्टी ने अपनी युवा ब्रिगेड को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके चलते अब ऑनलाइन, मैदान अभियान और आंदोलन की रणनीति बनाई है, जिसे जिला इकाई पर अमल में लाया जाएगा। कॉलेज लेवल पर युवा संसद से लेकर खेल प्रतियोगिता कराई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा नव मतदाता टीम से जुड़ सकें।
विधानसभा के परिणाम से डरी भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती है। एक बार फिर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया जा रहा है ताकि वे पूरी ताकत से काम पर जुटे। खासतौर पर युवाओं पर फोकस हो। उन्हें मालूम है कि उनका प्रवाह जिस तरफ गया, उस पार्टी की बल्ले बल्ले हो जाएगी।
इसके चलते भाजपा ने अपनी युवा ब्रिगेड को सक्रिय होने का आगाज कर दिया है। राष्ट्रीय स्तर से योजना बनाकर सौंपी गई है, जिसमें सभी वर्गों के युवाओं तक कार्यकर्ता पहुंच जाएंगे। इसमें नव मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए भी कार्यक्रम रखे गए हैं तो खिलाडिय़ों को भी जोडऩे की रणनीति बनाई गई है। सारे अभियान जिला स्तर पर होंगे, जिसकी कमान टीम के पास रहेगी।
विवि में युवा संसद
१५ जनवरी से १० फरवरी के बीच में विवि स्तर युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कॉलेज स्तर पर कैम्पस एम्बेसडर नेटवर्क का अभियान भी चलाया जाएगा।

ऑनलाइन पर होगा काम
युवा मोर्चा ऑनलाइन भी काम खड़ा करने का प्रयास करेगा। उसे नेशन विद नमो वॉलेंटियर नेट्वर्क नाम दिया गया है। १२ जनवरी से ऑनलाइन स्लोगन लेखन, जिंगल और लोगो बनाने की स्पर्धा होगी।
पहला वोट मोदी को
१२ जनवरी से मोर्चा एक संकल्प अभियान चलाएगा, जिसमें युवाओं को संकल्प दिलाएंगे। संकल्प लेते हुए सेल्फी का समूह वीडियो व फोटो सोशल मीडिया में डालना होंगे।

होगी खेल प्रतियोगिता
कमल कप खेल प्रतियोगिता का आयोजन 15 जनवरी से 15 फरवरी के बीच होगा। इसके विजेता को 23 फरवरी को नेशनल टाउन हॉल में सम्मानित किया जाएगा।
नाटक व बाइक रैली
मोर्चा नुक्कड़ नाटकों में मोदी सरकारी की उपलब्धियां बताएगा। २ मार्च को विधानसभा स्तर पर मोटर साइकिल महारैली निकाली जाएगी।

ये भी होंगे आयोजन
– नेशन विद नमो लेखक सम्मेलन 25 जनवरी से 31 जनवरी के बीच नगर निगम स्तर पर होंगे।
– विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन 1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच जिला स्तर पर होंगे। हर बूथ से दस युवाओं को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
– कमल युवा महोत्सव 1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच होंगे। दो दिनी सम्मेलन में भाषण कला, ललिता कला, लोक गायक, कवि और मंडली प्रदर्शनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम 16 फरवरी से 22 फरवरी के बीच विश्वविद्यालय स्तर पर होगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो