scriptधोखे से की दो शादियां, दिन में पहली और रात में रहता था दूसरी बीवी के साथ | man cheated with his two wives in indore | Patrika News
इंदौर

धोखे से की दो शादियां, दिन में पहली और रात में रहता था दूसरी बीवी के साथ

साजन चले ससुराल फिल्म जैसा चौंकाने वाला मामला इंदौर महिला थाने पहुंचा है। दो महिलाओं ने पुलिस में पति की शिकायत की है,  आरोपी ने धोखे से दोनों से ही शादी की।

इंदौरNov 30, 2016 / 01:08 pm

Narendra Hazare

fraud by husband

fraud by husband

(गोद में बच्चा लिए प्रियंका और बगल में गुलाबी साड़ी में सारिका।)

इंदौर। साजन चले ससुराल फिल्म जैसा चौंकाने वाला मामला इंदौर महिला थाने पहुंचा है। थाने पहुंची दो महिलाओं ने अपने पति की शिकायत की है। महिलाओं का कहना है कि आरोपी ने धोखे से दोनों से ही शादी की। मामले का भंडाफोड़ हुआ तो युवक ने दोनों ही को तलाक के लिए जान से मार देने की धमकी देना शुरू कर दिया।

मंगलवार दोपहर महिला थाने में सुदामा नगर निवासी प्रियंका विरवे व राजबाड़ा निवासी सारिका विरवे शिकायत लेकर पहुंचीं। उनसे योगेश विरवे निवासी राजबाड़ा ने धोखे से शादी की है। दो महीने पहले जब एक दिन प्रियंका ने योगेश को फोन किया तो उसकी बात सारिका से हुई। प्रियंका ने उसके बारे में पूछा तो उसने खुद को योगेश की पत्नी बताया। ये सुनकर प्रियंका हैरान रह गई। उसने बताया कि वो भी योगेश की पत्नी है। 

इसी फोन के चलते योगेश की करतूत सामने आ गई। विवाद हुआ तब भी योगेश ‘साजन चले ससुराल’ के गोविंदा की तरह दोनों के सामने बहाने बनाता रहा। लेकिन प्रियंका और सारिका ने तब्बू और करिश्मा बनने से इंकार किया। मामला फिल्मी था लेकिन असल जिंदगी में योगेश की यह धोखाधड़ी कानूनन अपराध है। इसलिए दोनों ही युवतियों ने आपस में बातचीत की और न्याय की गुहार लगाने पहुंच गई महिला थाने।


दरअसल जनवरी 2015 में योगेश ने सारिका से शादी की थी। वो परिवार के साथ राजबाड़ा पर रहता था। योगेश की चोइथराम मंडी में आलू-प्याज की थोक दुकान है। वह सारिका से कहता था कि रात में उसका काम रहता है। इस बहाने वो प्रियंका के साथ रहता। वहीं प्रियंका को उसने दिन में मंडी का काम बताया और वो सारिका के साथ रहता। सारिका से शादी होने बाद भी उसने प्रियंका से सितंबर 2015 में शादी कर ली। प्रियंका से उसकी मुलाकात गरबे के दौरान हुई थी। तीन साल तक दोस्ती रहने के बाद उन्होंने शादी कर ली।


एक पत्नी गर्भवती तो दूसरी का है एक बेटा

प्रियंका का तीन महीने का एक बेटा है। वहीं सारिका गर्भवती है। दोनों ही महिलाओं को नहीं पता था कि योगेश उन दोनों को धोखा दे रहा था। प्रियंका के भाई सागर ने बताया कि घटना सामने आने के बाद योगेश व उसके परिजन बहन को तलाक लेने के लिए धमका रहे हैं। वहीं सारिका को भी यही धमकी मिल रही है। दोनों को ट्रक से कुचल देने की बात कही जाती है। महिला थाने से मामला एमजी रोड थाने भेजा गया। यहां पुलिस ने योगेश को हिरासत में लेते हुए केस दर्ज किया है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो