जन आशीर्वाद यात्रा लेट हुई तो भीड़ को रोकने मंत्री-विधायक लगाने लगे ठुमके, देखें वीडियो
मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा को सफल बनाने के लिए मंत्रियों और विधायकों को काफी पापड़ बेलने पड़ रहे हैं।
इंदौर. मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा को सफल बनाने के लिए मंत्रियों और विधायकों को काफी पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। यह बात इस वीडियो से बिलकुल साफ हो रही है। धामनोद में मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा जब घंटा दर घंटा लेट होती गई तो वहां मौजूद भीड़ को रोकने के लिए विधायकों और मंत्रियों ने एंटरटेनमेंट करने के लिए ठुमके भी लगाए।
रविवार शाम 8.30 बजे धामनोद में मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा पहुंचना थी। इसके लिए करीब 2 घंटे पहले से कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन जब जन आशीर्वाद यात्रा घंटा दर घंटा जब लेट होती गई तो भीड़ को रोके रखना सभी के लिए सिरदर्द बन गया। पब्लिक चली न जाए इसके लिए धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर, मनावर विधायक रंजना बघेल और जिले के प्रभारी मंत्री अंतर सिंह आर्य उनके साथ जमकर ठुमके लगाने लगे।
मंच ही नहीं जनता के बीच जाकर हुआ डांस
धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर मंच पर आदिवासी गानों पर नृत्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं, वही मनावर विधायक रंजना बघेल महिला कार्यकर्ताओं के बीच डांस करती नजर आ रही हैं। हाथ में तीर कमान लिए जिले के प्रभारी मंत्री अंतर सिंह आर्य भी आदिवासियों के साथ जमकर थिरकते हुए दिखाई दे रहे है। बता दें कि मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा रात 2.30 बजे धामनोद पहुंची। तब तक तीनों जनप्रतिनिधियों ने भीड़ को अपने हिसाब से बांधे रखा।
उज्जैन से शुरू हुई है जन आशीर्वाद यात्रा
प्रदेश की जनता को सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा की शुरुआत उज्जैन से बाबा महांकाल का आशीर्वाद लेकर शुरू की है। यात्रा को हरी झंडी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिखाई थी। यात्रा के लिए मुख्यमंत्री ने एक शानदार बस तैयार की है। इसमें सभी तरह की सुविधाओं का ख्याल रखा गया है।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज