scriptMP Elections-2018 : दिग्विजय सिंह को प्रदेश से दूर रखने की प्लानिंग कर रही कांग्रेस | MP Elections-2018, Planning to keep Digvijay Singh away from the state | Patrika News

MP Elections-2018 : दिग्विजय सिंह को प्रदेश से दूर रखने की प्लानिंग कर रही कांग्रेस

locationइंदौरPublished: Nov 02, 2018 10:44:09 am

Submitted by:

Uttam Rathore

राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की नाराजगी पड़ेगी भारी, पहले ग्वालियर से रवाना किया था और फिर इंदौर से, सिंधिया से विवाद के बाद बढ़ी मुसीबत

Digvijay Singh

MP Elections-2018, दिग्विजय सिंह को प्रदेश से दूर रखने की प्लानिंग

उत्तम राठौर. इंदौर
प्रदेश के सारे कांग्रेसियों को एकता का पाठ पढ़ाने के साथ संगत में पंगत लगाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति अध्यक्ष दिग्विजय सिंह खुद यह सबक भूल गए और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने टिकट को लेकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से भिड़ लिए। उनकी इस हरकत से राहुल खासे नाराज है। यह नाराजगी उन्हें अब भारी पडऩे वाली है। उन्हें चुनाव में पूरी तरह से प्रदेश से दूर रखने की प्लानिंग की जा रही है।
प्रदेश में लगातार 10 साल तक मुख्यमंत्री बनकर दिग्विजय सिंह ने अपनी मर्जी से शासन चलाया और खमियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा, क्योंकि इनके बाद सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस अब तक वापसी नहीं कर पाई। इस बार कांग्रेस ने कमलनाथ व ज्योतिरादित्य का चेहरा आगे किया और दिग्विजय को पीछे कर दिया। यही कारण है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 15 और 16 अक्टूबर को ग्वालियर आने से एक दिन पहले, उन्हें रवाना कर दिया गया। साथ ही 29 और 30 अक्टूबर को इंदौर संभाग में हुईं सभाओं और रोड शो से भी दूर रखा गया। इसके पहले मंदसौर और भोपाल में हुए राहुल के कार्यक्रम में उनका नाम तक नहीं लिया गया। अभी तक प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के टिकट वितरण में हस्तक्षेप रखने वाले दिग्विजय के बिगड़े समीकरण को समझने में समर्थक और अन्य कांग्रेसी लगे थे कि सिंधिया से विवाद के बाद प्रदेश में उनके लिए खाई और गहरी हो गई।
देना पड़ा स्पष्टीकरण
राहुल के मालवा-निमाड़ के दो दिवसीय दौरे से दूर रहने पर दिग्विजय नेे ट्वीट कर कहा था कि वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उन्हें अध्यक्ष ने कुछ कार्य सौंपा है, जिसके कारण अनुपस्थित रहेंगे। हालांकि इससे पहले अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि इंदौर में पैदा हुए, स्कूल व कॉलेज शिक्षा भी यहीं हुई। आज राहुल जी इंदौर पहुंच रहे हैं। उनका हार्दिक स्वागत है।
इस बयान पर आए थे चर्चा में
पिछले दिनों दिग्विजय तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जानबूझकर किसी कार्यक्रम में नहीं जाते, क्योंकि उनके बोलने से कांग्रेस के वोट कटते हैं, इसलिए कांग्रेस ने अपने वोट बचाने के लिए चुनाव से दूर रखने की प्लानिंग कर ली है। इस बयान के बाद भी उन्हें दिल्ली में स्पष्टीकरण देना पड़ा था।
बोल-वचन से होता है पार्टी को नुकसान
कांग्रेस की राजनीति में चाणक्य माने जाने दिग्विजय के बोल-वचन पार्टी को भारी पड़ रहे हैं। मालूम हो कि टिकट वितरण में दिग्विजय के बढ़ते हस्तक्षेप और फिजूल की बयानबाजी से अन्य बड़े नेता पहले से ही नाराज थे, इसलिए उन्होंने दिग्विजय को चुनाव तक प्रदेश से दूर रखने के लिए राहुल के कान भर रखे थे। उनके विरोधी नेता तो यहां तक कहते हैं कि दिग्विजय को वोट कम कराने का काम अच्छे से आता है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो