फर्जी मतदान और पर्ची पर विवाद
शहर के वार्ड क्रमांक 69 के परसराम धर्मशाला के मतदान केन्द्र पर फर्जी मतदान के आरोप में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मारपीट की गई। वहीं, वार्ड क्रमांक 74 के बाहर वाहन खड़ा करने की बात पर कहासुनी हुई है। वार्ड क्रमांक 63 में कुछ लोगों ने वोटर सूची में नाम नहीं होने पर आपत्ति दर्ज कराई है। वार्ड क्रमांक 3 के परिसर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ लगने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। वहीं, वार्ड क्रमांक 14 में भी दोपहर के वक्त दो लोगों के बीच विवाद हो गया।

3 बजे तक 55 प्रतिशत के करीब मतदान
दोपहर 3 बजे तक इंदौर नगर निगम के लिए करीब 34 प्रतिशत मतदान हो चुका है। वहीं, क्षेत्र की करीब 8 नगर परिषदों में भी मतदान का प्रतिशत बढ़ गया है। महू, देपालपुर, सांवेर और गौतमपुरा में दोपहर तक 45 से 55 प्रतिशत के आसपास मतदान हुआ है। हातोद में सर्वाधिक 63.55 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मानपूर में भी करीब 62 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। बेटमा में भी 61 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज हो गया है। हालांकि इंदौर शहर से सटे राऊ में मतदान का प्रतिशत दोपहर तक 50 फीसदी के आसपास रहा है। महूगांव में सबसे कम 45.58 प्रतिशत मतदान हुआ है। माना जा रहा है कि शाम के वक्त सभी जगहों पर मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी दर्ज होगी।