कल से तोड़े जाएंगे शहर के ये खतरनाक मकान
नगर निगम खतरनाक मकानों को तोडऩे की कार्रवाई सोमवार से फिर शुरू करने की तैयारी में

इंदौर. नगर निगम खतरनाक मकानों को तोडऩे की कार्रवाई सोमवार से फिर शुरू करने की तैयारी में है। निगम ने 109 खतरनाक मकानों की सूची तैयार की है, जिसमें से 19 मकान बेहद खतरनाक हालत में होने से इन्हें पहले तोडऩे का निर्णय लिया था। 26 जून को गंजी कंपाउंड के मकान को तोडऩे के दौरान उसे बचाने पहुंचे विधायक आकाश विजयवर्गीय ने निगम के भवन निरीक्षक धीरेंद्र बायस की क्रिकेट बैट से पिटाई कर दी थी। इसके बाद से ही कार्रवाई रोक दी गई थी।
शुक्रवार को इस खतरनाक मकान को गिराने के बाद अब निगम शेष खतरनाक मकान भी सोमवार से तोडऩा शुरू करेगा। शनिवार अपर आयुक्त देवेंद्रसिंह ने सभी भवन अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन खतरनाक मकानों को तोडऩे के लिए तारीख तय करते हुए नोटिस जारी करें। पिछले विवाद को देखते हुए निगम ने अब तय किया है कि मकानों को तोडऩे के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहे। भवन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मकानों पर कार्रवाई के पहले संबंधित क्षेत्र के पुलिस थाना प्रभारी से चर्चा कर कार्रवाई की तारीख तय करें।
बारिश से गिरी मकान की दीवार
बारिश के बीच शनिवार को सिलावटपुरा में एक ओर खतरनाक मकान की दीवार ढह गई। मकान के मालिक शर्मा परिवार इसकी सूचना पहले ही निगम को दे चुका था। लकड़ी और मिट्टी से बने इस मकान नंबर 121 का बड़ा हिस्सा पूर्व में निगम ने गंगवाल से सरवटे सडक़ बनाने के लिए तोड़ा था। इसके बाद शेष हिस्सा खतरनाक हालात में आ गया था। शुक्रवार से लगातार गिर रहे पानी के चलते शनिवार शाम को मकान के एक ओर की दीवार भरभराकर गिर गई।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज