कोरोना की रोकथाम में ड्यूटी नहीं करने वाले नगर निगम कर्मचारी बर्खास्त
ड्यूटी कैंसल कराने के लिए दबाव बनाने वाले कर्मचारी का वेतन राजसात, निगमायुक्त ने की कार्रवाई

इंदौर. कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इस पर काम नहीं करने वाले कर्मचरियों को जहां नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है, वहीं ड्यूटी कैंसल कराने के लिए दबाव बनाने वाले कर्मचारी का वेतन राजसात कर लिया गया है। निगमायुक्त ने यह कार्रवाई करते हुए आदेश जारी कर दिया है।
निगम के 19 जोन पर कार्यरत कर्मचारियों की ड्यूटी घर-घर जाकर कोरोना संबंधित जानकारी एकत्रित करने में लगाई गई है। स्वास्थ्य सर्वेक्षण में ड्यूटी लगाने के बावजूद जोन-11 नेहरू स्टेडियम का अस्थायी कर्मचारी गुरुसिमर भाटिया काम पर नहीं जा रहा था। इस पर निगमायुक्त आशीष ने उसकी सेवा समाप्त कर पारिश्रमिक भुगतान पर रोक लगा दी। इसी तरह जोन-19 पर स्थापना शाखा में कार्यरत दो अस्थायी कर्मचारी राकेश पिता मदरू सिंह और अनुज पिता पोप सिंह के बिना सूचना और सक्षम स्वीकृति के अपने कर्तव्य पर अनुपस्थित पाए जाने पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। ड्यूटी करने के बजाय बिना वजह गायब रहने के चलते उक्त कर्मचारियों पर निगमायुक्त ने सेवा समाप्ति की कार्रवाई की है।
इधर, घर-घर हो रहे स्वास्थ्य सर्वेक्षण के चलते जोन क्रमांक 13 बिलावली के कर्मचारी रमेश दत्तात्रय दलवे की ड्यूटी लगाई गई। दलवे ने उक्त कार्य करने में असमर्थता जताते हुए अपनी ड्यूटी कैंसल कराने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया। सर्वे का महत्वपूर्ण काम करने के बजाय ड्यूटी कैंसल कराने वाले दलवे का वेतन राजसात करने के आदेश दिए गए हैं।
मलेरिया विभाग के इंचार्ज पर भी कार्रवाई
शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए निगम लगातार दवाई का छिड़काव कराने के साथ फॉगिंग मशीन से धुआं उड़ा रहा है ताकि मच्छर मर जाएं। उक्त कार्य का निरीक्षण करने के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर आयुक्त रजनीश कसेरा ने पाया कि मलेरिया विभाग के इंचार्ज बृजलाल विश्नार काम में लापरवाही बरत रहा है। इस संबंध में उससे जानकारी चाहने पर अनुशासहीनता की गई। इस पर अपर आयुक्त कसेरा की अनुशंसा पर निगमायुक्त ने विश्नार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वेतन राजसात करने के आदेश जारी किए।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज