scriptबकाया टैक्स नहीं भरा तो नगर निगम ने घरों पर टांग दिए ताले | Nagar nigam put lock on Homes of non tax payer | Patrika News

बकाया टैक्स नहीं भरा तो नगर निगम ने घरों पर टांग दिए ताले

locationइंदौरPublished: Feb 12, 2019 11:35:25 am

Submitted by:

Uttam Rathore

नगर निगम ने संपत्तिकर की वसूली को लेकर शुरू की सख्ती

nagar nigam

बकाया टैक्स नहीं भरा तो नगर निगम ने घरों पर टांग दिए ताले

इंदौर. नगर निगम राजस्व विभाग ने संपत्तिकर की वसूली को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसके चलते बकाया टैक्स न देने वाले लोगों के घरों पर ताले लगाकर संपत्ति जब्ती-कुर्की की जा रही है। यह मुहिम कल यानी सोमवार को निगम के जोन क्रमांक 3 में चली और 22 लाख रुपए से ज्यादा का बकाया टैक्स न देने वाले करदाताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
31 मार्च तक निगम के खजाने में 500 करोड़ रुपए राजस्व लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसे पूरा करने के लिए सबसे सबसे ज्यादा फोकस बकाया संपत्तिकर और जलकर वसूली पर किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से बाकाया टैक्स न देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मुहिम ठंडी पड़ी थी, लेकिन लक्ष्य पूरा करने की तारीख 31 मार्च के करीब आने पर बकाया संपत्तिकर और जलकर वसूली को लेकर निगम राजस्व विभाग ने फिर से सख्ती शुरू कर दी है। एक तरफ जहां एनजीओ के लोग बकायादारों के घर-घर जाकर टैक्स जमा करने का तगादा कर रहे हैं, वहीं निगम के १९ जोन पर तैनात सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) और बिल कलेक्टरों ने बकाया टैक्स वसूली को लेकर मुहिम शुरू कर दी है। इसके चलते कल निगम के जोन क्रमांक 3 में 22 लाख रुपए से ज्यादा बकाया टैक्स राशि वसूली को लेकर मुहिम चालाई गई। जोन के एआरओ जितेंद्र पांडे के निर्देशन में यह मुहिम चली।
जोन के अंतर्गत आने वाली कॉलोनी-मोहल्लों में बकाया टैक्स वसूली के लिए निगम अफसर घर-घर पहुंचे। जिन लोगों ने टैक्स का बकाया पैसा जमा नहीं कराया, उनकी घर पर ताले और नोटिस लगाकर जब्ती-कुर्की की कार्रवाई की गई। साथ ही 7 दिन में पैसा जमा कराने का कहा। अगर तय समय में पैसा जमा नहीं हुआ, तो निगम संपत्ति को नीलाम कर देगा। गौरतलब है कि बकाया टैक्स वसूली को लेकर निगम जोन के सभी एआरओ को बकायादारों की सूची थमा दी गई है, ताकि 31 मार्च तक 500 करोड़ रुपए का टारगेट पूरा हो सके।
50 हजार से ज्यादा राशि वाले बकायादारों पर सख्ती
निगम राजस्व विभाग उन बकायादारों पर सख्ती कर रहा है, जिन पर 50 हजार रुपए से अधिक की राशि बकाया है। इनकी सूची एनजीओ के लोगों के साथ एआरओ और बिल कलेक्टरों को जोनवाइज सौंपी गई है। इनसे वसूली को लेकर निगम सख्ती दिखा रहा है, क्योंकि इन लोगों से सही ढंग से वसूली हो गई तो टारगेट से ज्यादा पैसा निगम खजाने में आ जाएगा।
ये लोग नहीं भर रहे थे संपत्ति कर
जोन क्रमांक 3 में चली बकाया टैक्स वसूली को लेकर मुहिम के तहत जिन लोगों की संपत्ति जब्ती-कुर्की की गई है, उनमें स्नेहलतागंज स्थित शांति ट्रेड सेंटर के हेमंत श्यामदास अग्रवाल, शिवाजी नगर के कमलेश पिता शंकरलाल, पुरानी जीवन की फेल के अशोक पिता अमृतलाल सोनकर, गणेश कॉलोनी स्थित तपस्या अपार्टमेंट में सुंदरलाल घासीराम ठाकुर, बृजकिशोर शरणलाल मित्तल, रामनायारण जगन्नाथ साहु, जती कॉलोनी स्थित जीवन प्रभा अपार्टमेंट में दीपक पुरुषोत्तम जोशी, शांतिलाल सोहनलाल जोशी, देवी अहिल्या मार्ग पर आशारानी दीक्षित और मेसर्स एलके डेव्हलपर्स तर्फे रवींद्र कुमार शामिल हैं। इन सभी पर 60 हजार से 2 लाख रुपए तक बकाया हैं, जो कि कुल 22 लाख 54 हजार 950 रुपए हैं। इनकी संपत्ति पर ताला और नोटिस लगाकर जब्ती-कुर्की की गई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो