इंदौर

इंदौर के ग्रुप ने दी ओडिसी शैली में की शिव की स्तुति

नर्मदा तट पर जावेद ने सजाई सुरों की महफिल

इंदौरNov 14, 2019 / 01:04 am

रमेश वैद्य

नृत्य की प्रस्तुति देता इंदौर का दल।

इंदौर/महेश्वर. तीन दिन तक चले निमाड़ उत्सव के अंतिम दिन पाश्र्व गायक जावेद अली ने मां नर्मदा के तट पर सुरों की महफिल सजाई। उन्होंने सूफियाना अंदाज में शुरुआत की। जावेद ने बॉलीवुड के हिट गीतों को गाकर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। वहीं इंदौर से आए ओडिसी नृत्यागंनाओं के गु्रप ने गणेश वंदना के साथ ही शिव स्तुति की।
मां नर्मदा तट पर किले के सामने बनाए गए मंच पर रात करीब साढ़े ९ बजे पाश्र्व गायक जावेद अली पहुंचे। उन्होंने आते ही सबसे पहले सूफियाना अंदाज में फिल्म जोधा अकबर का हिट गीत कहने को जश्न बहारा है.. गाया। इसके बाद उन्होंने कुन फाया कुन, कजरारे-कजरारे, जब कहीं पर कहीं भी कुछ नहीं था मौला वहीं था… वहीं था…गाकर समा बांध दिया। उन्होंने दर्शकों की फरमाइश पर फिल्म गजनी का गीत तू मेरी अधूरी प्यास-प्यास गाकर खूब दाद बटोरी।
गणेश वंदना से की शुरुआत
नर्मदा उत्सव की अंतिम शाम इंदौर से आए ओडिसी नृत्य समूह ने सबसे पहले गणेश वंदना की। इसके बाद बोटू नृत्य, मेघ पलवी, शिव तांडव, महाकाली स्वरूप की विशेष प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। ग्रुप की निर्देशिका डालिया दत्ता ने बताया कि ग्रुप में 12 नृत्यांगनाएं शामिल थीं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला पुरस्कार
तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव के दौरान शहर में अलग-अलग स्थानों पर कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा, आयुष एवं संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने पुरस्कार दिए। तीन दिनों में कबड्डी, मेहंदी, रंंगोली, कुश्ती, नौका सज्जा, नौका दौड़ प्रतियोगिताएं हुई। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करने से पहले डॉ. साधौ ने महेश्वर की अन्य प्रतिभाओं का भी सम्मान किया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महेश्वर का मान-सम्मान बढ़ाया है। मंत्री डॉ. साधौ ने राजस्थानी फिल्म बनाने वाले कमल यादव को शॉल व श्रीफल भेंट किए। कमल यादव की फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
सात विधायक हुए शामिल
निमाड़ उत्सव में निमाड़ंचल व अन्य जिलों के विधायक भी उपस्थित हुए। इनमें भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी, खरगोन विधायक रवि जोशी, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, बुरहानपुर विधायक शेरा भैया, सेंधवा विधायक ग्यारसीलाल रावत, धरमपुरी विधायक पाचीलाल मेढ़ा, मनावर विधायक हीरालाल अलावा एवं समाजसेवी देवेंद्र साधौ उपस्थित रहे। इनके अलावा कलेक्टर गोपालचंद्र डाड, पुलिस अधीक्षक सुनील पांडेय, जिला पंचायत सीईओ डीएस रणदा उपस्थित रहे।
सुबह हुई कुश्ती स्पर्धा
उत्सव के तीसरे दिन बुधवार को उत्कृष्ट मैदान पर अलग-अलग तीन किलो ग्राम वर्ग में कुश्ती स्पर्धा हुई। 40 किग्रा से अधिक वर्ग में विशाल शर्मा विजेता एवं शिवम यादव उप विजेता रहे। 50 किग्रा से अधिक वर्ग में महेश औसारी विजेता व उपविजेता अजय जांधिया रहे। 60 किग्रा से अधिक वर्ग में तपन पंवार विजेता एवं दुर्गेश भासले उपविजेता रहे। महिला वर्ग में 30 किलोग्राम से अधिक आयु वर्ग में निशा जांधिया विजेता व आरती यादव उपविजेता रही । 40 किलोग्राम से अधिक आयु वर्ग में हिना मालवीय विजेता व नंदिनी वर्मा उपविजेता रही। 50 किलोग्राम से अधिक आयु वर्ग में पूजा केवट विजेता एवं उपविजेता वर्षा जांधिया रहीं।
रंगोली स्पर्धा में बिखरे रंग
किला परिसर में सीनियर व जुनियर वर्ग के रंगोली स्पर्धा हुई। सीनियर वर्ग में 7 छात्राओं ने भाग लिया। प्रथम राजपाल सिसोदिया, द्वितीय निकिता गुप्ता, तृतीय नेहा गौर रही। जूनियर वर्ग में 107 छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें प्रथम आयशा अंसारी, द्वितीय चारू शर्मा, तृतीय कीर्ति कैलाश रही । निर्णायक की भूमिका सरला यादव, प्रिया सराफ, रचना जैन, सपना श्रीमाली ने निभाई। स्पर्धा प्रभारी प्रियंका चौहान, ज्योती कानुडे, कड़वा सांवले एवं अश्विन कौशल रहे।

Home / Indore / इंदौर के ग्रुप ने दी ओडिसी शैली में की शिव की स्तुति

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.