scriptचार घंटे बंद रहेंगे ओंकारजी मंदिर के पट | Okareshwar | Patrika News

चार घंटे बंद रहेंगे ओंकारजी मंदिर के पट

locationइंदौरPublished: Jun 21, 2020 01:59:20 am

सूर्य ग्रहण आज : नर्मदा स्नान पर प्रतिबंध, घाटों पर पुलिस फोर्स तैनात

चार घंटे बंद रहेंगे ओंकारजी मंदिर के पट

ओंकारजी

ओंकारेश्वर. सूर्यग्रहण के चलते रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर करीब दो बजे तक चार घंटे ओंकारेश्वर व ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पट बंद रहेंगे। ग्रहणकाल समाप्त होने के बाद पंडितों द्वारा मंदिर को धोकर पूजा-आरती की जाएगी। इसके बाद भक्तों को दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले जाएंगे। दरअसल, रविवार को सूर्य ग्रहण है। ग्रहण सुबह 10.14 बजे से शुरू होगा और मोक्ष 1.38 बजे होगा। मंदिर ट्रस्ट के आशीष दीक्षित ने बताया सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 4 घंटे ग्रहण काल के दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे। दोपहर 2 बजे बाद नर्मदा व गंगाजल से मंदिर को धोकर पूजा-पाठ कर मंदिर के पट दर्शन के लिए खोले जाएंगे। दीक्षित ने बताया प्रतिदिन अनुसार रविवार को भी सुबह 5 बजे मंदिर भक्तों को दर्शन के लिए खोला जाएगा। सुबह 10 बजे ग्रहण शुरू होने के पहले मंदिर के पट बंद किए जाएंगे। पंडित दीक्षित ने बताया ओंकारेश्वर में ग्रहण काल में ही मंदिर बंद होता है। सूतक काल में मंदिर बंद नहीं किया जाता है। शनिवार को नीयत समय 9.30 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के पट बंद किए गए।
इधर, रविवार को आषाढ़ महीने की अमावस्या होने के कारण तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं, लेकिन इस वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते नर्मदा स्नान पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में भक्तों की आवाजाही की संभावना को देखते हुए शनिवार रात से ही प्रशासन ने नर्मदा घाटों पर पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही नगर के बस स्टैंड सहित चौराहों पर पुलिस मुस्तैद की गई है।

ट्रेंडिंग वीडियो