scriptपेटलावद ब्लास्ट की सच्चाई को दबाया जा रहा है : कमलनाथ | pariwartan yatra | Patrika News

पेटलावद ब्लास्ट की सच्चाई को दबाया जा रहा है : कमलनाथ

locationइंदौरPublished: Sep 13, 2018 12:11:30 am

कांग्रेस की सरकार बनते ही 10 दिन में हर किसान का कर्जा माफ , पूरी बिजली-बिल हाफ

pariwartan yatra

pariwartan yatra

पेटलावद. भाजपा ने जगह-जगह सच्चाई को दबाया है। चाहे वह पेटलावद ब्लास्ट की सच्चाई हो या प्रदेश में कोई भी सच्चाई हो उसे दबाया जा रहा है। शिवराजसिंह चौहान आर्शीवाद यात्रा निकाल रहे हंै, उनसे पूछना चाहता हूं, यदि आपने जनता के हित में कार्य किए तो आपको आर्शीवाद यात्रा निकालने की क्या जरूरत है। जनता आप को स्वयं ही आर्शीवाद दे देगी। उक्त बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने परिवर्तन यात्रा के तहत पेटलावद में एक बड़ी सभा को कॉलेज ग्राउंड में संबोधित करते हुए कही। सभा में लगभग 12 हजार से अधिक जन समुदाय उपस्थित रहा। कमलनाथ ने कहा मैने अपने राजनीतिक जीवन में कभी ऐसा नहीं देखा जब हर वर्ग परेशान है। शिवराज सिंह जनता के खर्च पर आते हैं, सभाएं करते हैं। जनता का करोड़ों रुपया बर्बाद कर रहे हंै। आज की स्थिति में हर वर्ग परेशान है। किसानों के साथ धोखा, अन्याय और अपमान हुआ है। सबसे बड़ी बात किसानों का अपमान हुआ है। कांग्रेस के शासन में समर्थन मूल्य बढ़ाने की बात की जाती थी, किंतु भाजपा के शासन में किसानों को समर्थन मूल्य मांगना पड़ रहा है। यह अंतर है कांग्रेस और भाजपा में । कांग्रेस सरकार बनने का विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार बनते ही 10 दिन में हर किसान का कर्जा माफ , पूरी बिजली-बिल हाफ और भारतीय जनता पार्टी सफा आज। हमारा मप्र औद्योगिक प्रदेश नहीं है। हमारे किसानों के हाथ में क्रय शक्ति नहीं है। किसान परेशान है तो पूरा प्रदेश परेशान है। आज मुझे सबसे ज्यादा चिंता नौजवानों की है। आज का नौजवान बेरोजगारी की कगार पर खड़ा है। प्रधानमंत्री ने हर वर्ष 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, किंतु पूरा नहीं किया। आज का नौजवान कोई कमीशन नहीं चाहता, कोई ठेका नहीं चाहता,आज के नौजवान के हाथों को केवल काम चाहिए।
यहां शराब के उद्योग सबसे ज्यादा खुलते हैं
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर भी हमला करते हुए कहा कि मोदी जी ने कई नारे दिए मेक इन इंडिया, इंडिया शाइनिंग, डिजिटल इंडिया और स्कील इंडिया जो कहीं भी दिखाई नहीं देते है। हमारे शिवराज सिंह भी कम नहीं है। उन्होंने भी इंदौर में कई समीट किए और कहते थे 50 हजार करोड़ के नए उद्योग आने वाले हैं, किंतु हुआ उल्टा हर वर्ष जितने उद्योग मध्यप्रदेश में खुलते नहीं उससे ज्यादा तो उद्योग बंद हो जाते हैं, यहां शराब के उद्योग सबसे ज्यादा खुलते हैं। गरीबी रेखा में नाम लिखवाने के यहां 15 हजार रुपए लगते हैं। मप्र में भ्रष्टाचार गांव स्तर से प्रारंभ हो कर भोपाल स्तर तक है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को तीर कमान भेंट किए गए।
श्रद्धांजलि दी-
इस मौके पर हेलीपेड से एक वाहन रैली के रूप में कमलनाथ सर्वप्रथम श्रद्धांजलि चौक पहुंचे जहां पर मृतकों को श्रद्धाजंलि दी गई। इसके साथ ही एक बड़ा बैनर जिसमें सभी मृतकों के फोटो लगाए गए। यहां पर भी पुष्पहार चढ़ाए गए।
पेटलावद ब्लॉस्ट रिपोर्ट अब तक नहीं: बच्चन
विधानसभा प्रतिपक्ष के उप नेता बाला बच्चन ने कहा कि पेटलावद ब्लॉस्ट आयोग की रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई। इसमें केवल दो आरोपी बनाए गए, जिसमें एक राजेंद्र कांसवा और दूसरा धर्मेद्र राठौर है, जबकि राजेंद्र कांसवा को सरकार के द्वारा मृत बताया जा रहा है, किंतु आयोग की रिपोर्ट में कई लोगों ने ब्लॉस्ट के बाद राजेंद्र कांसवा को देखने की बात कही है। आयोजन में मुख्य स्टेट हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई, सुबह से लेकर दोपहर 3.30 बजे तक मुख्य स्टेट हाईवे पर वाहनों का काफिला ही दिखता रहा। सभा समाप्त होने के बाद लगभग 1.30 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। रतलाम, झाबुआ, राणापुर, कल्याणपुरा, थांदला, मेघनगर से हजारों लोग आए।
सुबह से ही श्रद्धांजलि देने का सिलसिला
ब्लास्ट की तीसरी बरसी पर पर अनेक सामाजिक संस्थाओं स्कूली छात्र-छात्राओं राजनीतिक दलों के द्वारा सुबह से ही श्रद्धांजलि देने का सिलसिला चालू हो गया था ,जोकि देर शाम तक चलता रहा। इसी क्रम में भाजपा के नेता जीएस डामोर अपने मित्र मंडल के साथ श्रद्धांजलि चौक पहुंचे, जहां पर मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी । डामोर ने बताया कांग्रेस झूठी वाहवाही लूटने में राजनीति करने के लिए यह सब नाटक कर रही है, जबकि हमारी सरकार के द्वारा हर ब्लास्ट पीडि़त को नौकरी व हर प्रकार की आर्थिक सहायता दी गई है । कांग्रेस केवल दिखावा का कार्य करती है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मोटापाला , मंडी अध्यक्ष भरत लाल पाटीदार , ग्रामीण मंडल अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौर , गोपाल सिंह राठौर , पारस गादिया , परिबेत्र सिंह राठौर , निलेश मीणा, कहर सिंह , अनिल मूथा , राजेश कसवा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे

ट्रेंडिंग वीडियो