इंदौर

पुलिस ने पार्षद को पिटने से बचाया

– हुकमचंद कॉलोनी का बूथ बना संवेदनशील, हर चुनाव में होते हैं विवाद
 

इंदौरMay 20, 2019 / 11:17 am

Lakhan Sharma

इंंदौर। विधानसभा एक के वार्ड ६ में आने वाली हुकुमचंद कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल का बूथ संवेदनशील बन गया है। हर चुनाव में यहां विवाद होते हैं। कल भी यहां वार्ड ६ के पार्षद दीपक जैन के साथ मारपीट हो जाती। गनीमत रही कि पुलिस ने लाठियां फटकारी तब भीड़ तितर-बितर हुई। इसके पूर्व विधानसभा और नगर निगम के चुनाव में भी यहां विवाद हो चुके हैंं।
दरअसल कल वोटिंग के दौरान वार्ड ६ के पार्षद दीपक जैन दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने हुकमचंद कॉलोनी के बूथ नंबर २९३, २९५ पर अंदर जाने का प्रयास किया। इसका यहां मौजूद कांग्रेस नेता प्रमोद जोशी और दिलीप त्रिवेदी ने विरोध किया। इस दौरान जैन के सर्मथकों ने कांग्रेसियों को गाली-गलौज कर दी। इसी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान पार्षद जैन को पीटने के लिए कांग्रेसियों ने उनकी कॉलर पकड़ ली। घटना की सूचना मिलने पर मल्हारगंज थाना प्रभारी संजय मिश्रा भी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस की समझाईश के बाद भी जब दोनों पक्ष अलग नहीं हुए तो पुलिस ने लाठियां फटकारना शुरू की जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। इस दौरान एक कांग्रेसी ने पार्षद जैन की कॉलर पकड़ी तो दूसरे उन्हें मारने के लिए आगे आए। जैसे-तैसे वह बूथ के सामने एक घर के यहां पहुंचे तब बमुश्किल पुलिस ने उन्हें बचाया। प्रमोद जोशी का कहना है कि जैन हर चुनाव में बूथ पर आकर विवाद करते हैं। जब अंदर जाने की अनुमति किसी को नहीं है तो वे क्यों जा रहे थे। इसी को लेकर हमने विरोध जताया तो वह गाली-गलौज करने लगे। वहीं जैन का कहना है कि मैं तो यह पूछने जा रहा था की कितने प्रतिशत मतदान हुआ है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.