scriptPolitical News- शहरी सियासत में दागी और भी हैं, बड़ा सवाल- क्या ये बनेंगे जनता के प्रतिनिधि? | Patrika News

Political News- शहरी सियासत में दागी और भी हैं, बड़ा सवाल- क्या ये बनेंगे जनता के प्रतिनिधि?

locationइंदौरPublished: Jun 19, 2022 10:21:46 am

पार्टियों ने कहीं आरोपियों तो कहीं उनके परिजन को किया पसंद

question_on_political_parties.png

इंदौर/भोपाल। भले ही भाजपा ने गैंगस्टर युवराज की पत्नी का टिकट काट दिया हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपराध जगत से जुड़े लोगों, परिजन को टिकट देने का मामला सिर्फ गैंगस्टर युवराज का ही नहीं है। दागदार और भी हैं। ऐसे अपराधियों, आरोपियों को टिकट देने से राजनीतिक दलों ने कोई गुरेज नहीं किया। चौंकाने वाली बात यह है कि बलात्कार के आरोपियों के परिजन सहित रासुका में निरुद्ध हो चुके लोगों तक को टिकट दिए गए हैं।

भाजपा नाबालिग से रेप… गिरफ्तारी भी
– वार्ड 18: प्रत्याशी सोनाली परमार के पति विजय के खिलाफ 14 साल की बच्ची से बलात्कार का केस 31 जनवरी 2017 को दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी भी हुई। पहले कांग्रेस से जुड़े थे, फिर भाजपा में आ गए।
– वार्ड 26: उम्मीदवार लालबहादुर वर्मा के खिलाफ नगर निगम के अधिकारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला चल रहा है। कई महीने जेल में रहे। 10 अप्रेल 2016 को निगमायुक्त ने वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, उनका इस्तेमाल करने की धाराओं में केस दर्ज करवाया था।

– वार्ड 50: प्रत्याशी राजीव जैन हैं। राजीव और भाई पंकज के खिलाफ रायपुर के देवेंद्र नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। रायपुर की कंपनी यमुना टेक्नो कंसल्टेंट एलएलपी के बीएल अग्रवाल ने
जैन की कंपनी मे. स्केल बैन इक्यूपमेंट्स प्रालि में 6 करोड़ का निवेश किया था। धोखाधड़ी के केस में दोनों की गिरफ्तारी रायपुर पुलिस ने की थी।
– वार्ड 70: 5 साल पहले भाजपा में शामिल हुए भरत रघुवंशी के खिलाफ केस दर्ज है। सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप है। पुलिस ने इनाम घोषित किया था।

कांग्रेस हत्या के प्रयास का आरोप
– वार्ड 22: राजू भदौरिया के खिलाफ हीरानगर थाने में कई केस दर्ज होने के कारण एक साल पहले जिला प्रशासन ने रासुका लगाई थी। हालांकि बाद में हाई कोर्ट ने इसे
खत्म कर दिया था।
– वार्ड 35: सांवेर विधानसभा के इस वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार कपिल सोनकर को हत्या के प्रयास और हत्या के षडयंत्र के मामले में पुलिस ने आरोपी बनाया था।

– वार्ड 58: मोहम्मद अनवर कादरी के खिलाफ पुलिस ने भोपाल के प्यारे मियां के साथ मिलकर चंदन नगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने का मामला दर्ज किया था।कादरी जेल भी जा चुका है।

आप जुआ एक्ट, धोखाधड़ी का केस
– वार्ड 85: आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी किशोर चौहान पर 2007 से 2019 तक अवैैध शराब विक्रय, जुआ एक्ट, मारपीट और धोखाधड़ी करने जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हो चुके हैं।

हत्या के आरोप में फरार नेता की पत्नी को टिकट
हत्या के आरोप में एक साल से फरार सागर नगर निगम के पूर्व एमआइसी सदस्य और भाजपा नेता शेख रसीद बबलू कमानी की पत्नी किश्वर बी को भारतीय जनता पार्टी ने टिकट दिया है। किश्वर बी शुक्रवारी वार्ड से पार्षद पद की प्रत्याशी हैं। बबलू कमानी पर दर्जन भर अपराध दर्ज हैं। कुछ में बबलू राजनीतिक रसूख के चलते खत्मा लगवा चुका है। वर्तमान में पूर्व पार्षद नईम खान के बेटे इमरान की हत्या के मामले में फरारी काट रहा है।

भोपाल : नरेला के वार्ड 44 से जिलाबदर रहा पिंकी प्रत्याशी
भाजपा के टिकट वितरण में नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 44 से भूपेन्द्र सिंह चौहान उर्फ पिंकी भदौरिया को पार्षद का टिकट देने पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के दबाव में भदौरिया का नाम आखिरी वक्त में जोड़ा गया है। पिंकी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में जिलाबदर हो चुका है।

पार्टी में अंदरूनी तौर पर विरोध
भाजपा ने भोपाल में ही नगर निगम के वार्ड 40 से बाबू मस्तान नामक बदमाश की पत्नी मसर्रत को टिकट दिया है। पार्टी में अंदरूनी तौर पर इसका विरोध है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो