scriptकांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर किया मोदी का विरोध | Prime Minister Narendra Modi in Indore Update News | Patrika News

कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर किया मोदी का विरोध

locationइंदौरPublished: Sep 14, 2018 11:20:26 am

Submitted by:

Uttam Rathore

राफेल खरीदी घोटाला और पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि को लेकर जताया आक्रोश

 Congress

कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर किया मोदी का विरोध

इंदौर.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज इंदौर आने पर कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया। एक ही मुद्दे को लेकर राजबाड़ा पर कांग्रेस से जुड़े संगठनों के दो अलग-अलग प्रदर्शन हुए। पहले काले कपड़े पहनकर पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि की खिलाफत की। इसके बाद युवक कांग्रेस की भीड़ इस मुद्दे के साथ ही राफेल खरीदी घोटाले को लेकर विरोध दर्ज कराने के लिए राजबाड़ा पर जुटी।
पेट्रोल-डीजल और गैस टंकी मूल्य वृद्धि का विरोध करने के साथ केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस से जुड़े संगठन राजीव विकास केंद्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर जाकर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने की घोषणा की। इसके साथ ही काले झंडे दिखाने की प्लानिंग नेताओं ने कर रखी थी। इसके लिए राजीव विकास केंद्र के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में कांग्रेस नेता राजबाड़ा पर सुबह ९ बजे इकट्ठे हुए। नेता एयरपोर्ट के लिए जाने लगे, तो पुलिस ने रोक दिया।
इस पर कांग्रेसी राजबाड़ा पर ही नारेबाजी करने लगे। प्रधानमंत्री हाय…हाय, पेट्रोल-डीजल के भाव कम करो…कम करो आदि जैसे नारे लगाए। इसके बाद एसडीएम रवि कुमार सिंह को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया, जिसमें पेट्रोल-डीजल और गैस टंकी की कीमत कम कर जनता को राहत देने की मांग की गई।
युवक कांग्रेस ने भी किया विरोध
राजीव विकास केंद्र के राजबाड़ा पर प्रदर्शन करने के बाद सुबह 10.30 बजे से युवक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटना शुरू हुई, क्योंकि राफेल खरीदी में घोटाला करने का आरोप लगाकर युवक कांग्रेस इस मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही है। आज प्रधानमंत्री के इंदौर आने पर युवक कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राजबाड़ा पर प्रदेश युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष पिंटू जोशी के नेतृत्व में विरोध करने उतरे। राजबाड़ा पर युवक कांग्रेस राफेल घोटाले के साथ पेट्रोल-डीजल के साथ अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमत को लेकर भी विरोध-प्रदर्शन करेगी। मोदी विरोधी युवक कांग्रेस के आंदोलन को लेकर नेताओं की भीड़ राजबाड़ा पर सुबह 10 बजे से जुटना शुरू हो गई थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो