script

Election 2019 : प्रियंका गांधी के रोड शो में कांग्रेस आज दिखाएगी ताकत, लगे 200 से ज्यादा मंच

locationइंदौरPublished: May 13, 2019 01:05:27 pm

प्रियंका गांधी के रोड शो में कांग्रेस आज दिखाएगी ताकत, लगे 200 से ज्यादा मंच

priyanka

Election 2019 : प्रियंका गांधी के रोड शो में कांग्रेस आज दिखाएगी ताकत, लगे 200 से ज्यादा मंच

इंदौर. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो आज होगा। पहली बार इंदौर आ रहीं प्रियंका के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस नेता काम पर लग गए हैं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाकर अलग-अलग ताकत दिखाई जाएगी। रोड शो मार्ग पर रविवार देर रात से स्वागत मंच लगना शुरू हो गए थे।
आज सुबह तक 200 से ज्यादा मंच लग गए। इनकी संख्या और बढ़ेगी। रोड शो में प्रियंका के साथ बड़े नताओं में सिर्फ मुख्यमंत्री कमल नाथ ही रहेंगे। इंदौर लोकसभा सीट पर लगातार आठ बार से हारती आ रही कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज इंदौर आएंगीं। प्रत्याशी पंकज संघवी के समर्थन में उनका रोड शो रखा गया है, जो कि शाम 4.30 बजे राजमोहल्ला स्थित भगत सिंह प्रतिमा से शुरू होगा। राजमोहल्ला चौराहा से शुरू होने वाला रोड शो मालगंज, नृसिंह बाजार चौराहा, बंबई बाजार चौराहा, राम-लक्ष्मण बाजार, जवाहर मार्ग, इमली साहेब गुरुद्वारा चौराहा, यशवंत रोड होते हुए राजबाड़ा पर समाप्त होगा। यहां पर प्रियंका गांधी वाहन पर से ही अहिल्या माता की प्रतिमा पर नमन् करने के साथ सभा को संबोधित करेंगीं।
jawahar
वाहन पर कौन-कौन?

जिस वाहन पर प्रियंका गांधी रहेंगी उस पर कौन-कौन रहेगा इसको लेकर 12 नामों की सूची शहर कांग्रेस कमेटी ने एसपीजी को दी है। एसपीजी तक सूची पहुंच गई है, लेकिन वाहन पर नेताओं को चढऩे की मंजूरी अभी तक नहीं मिली है। शहर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कमल नाथ, मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, तुलसी सिलावट, जीतू पटवारी, प्रत्याशी पंकज संघवी, विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, शहर कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, सत्यननारायण पटेल और अश्विन जोशी का नाम दिया गया है। कांग्रेसियों के अनुसार एसपीजी ने अभी तक नामों को लेकर मंजूरी नहीं दी है। संभवत: दोपहर तक मंजूरी मिल जाएगी। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से एसपीजी नामों को काट भी सकती है। अगर ऐसा हुआ तो वाहन पर प्रियंका के साथ सिर्फ मुख्यमंत्री कमल नाथ और प्रत्याशी संघवी ही रहेंगे।
बजेंगे बैंड व गाएंगे भजन

प्रियंका गांधी के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के चलते कहीं मंच पर बैंडबाजे बजेंगे, तो कहीं भजन गाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वागत करने के लिए कांग्रेसियों ने बड़ी मात्रा में फूल खरीदे हैं। रोड शो में कांग्रेसी अलग-अलग वेशभूषा में भी पहुंचेंगे।
राजबाड़ा क्षेत्र में दिया न्योता

प्रदेश प्रवक्ता कविता शुक्ला के नेतृत्व में राजबाड़ा व आसपास के बाजारों में आज प्रियंका के रोड शो में आने का न्योता दिया गया। रविवार को आमजन के साथ व्यापारियों को निमंत्रण दिया। इस दौरान गिरजा पंडित, पुष्पा जिनवाल, शर्मिला धौलपुरे आदि थीं।

ट्रेंडिंग वीडियो