इंदौर

जन्म से लेकर मृत्यु तक राम ही सत्य और सनातन

विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर श्रीराम कथा

इंदौरJun 06, 2018 / 07:52 pm

रणवीर सिंह

indore

इंदौर। राम का नाम इस देश की सनातनता और सार्वभौमिकता है। राम ही सत्य है, सनातन है। जन्म से लेकर मृत्यु तक के प्रसंगों में भी राम नाम ही सत्य होता है। राम का चरित्र काफी उदार है। जिसने भी स्वयं को श्रीराम से जोड़ा है, उसने हनुमान की तरह अद्भुत काम किए हैं। वैष्णव जन वही है जो दूसरों की पीड़ा दूर करें। राम के चरित्र में पुरूषार्थ, प्रेम, ममता, समता और एकता के सूत्र दिखाई देते हैं। राम के बिना इस सृष्टि और भारत भूमि की कल्पना नहीं की जा सकती। राम और कृष्ण का अवतरण सिर्फ भारत भूमि पर ही हो सकता है क्योंकि दुनिया के अन्य किसी देश की इतनी पुण्याई और पवित्रता नहीं हो सकती।
हरिद्वार के मानस मर्मज्ञ आचार्यश्री हरिकृष्ण शास्त्री ने आज विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा में राम जन्मोत्सव प्रसंग की व्याख्या करते हुए उक्त दिव्य विचार व्यक्त किए। प्रारंभ में आचार्य पं. राजेश शर्मा द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच मुख्य यजमान राधेश्याम गुप्ता बारदान वाले, आश्रम परिवार के पूनमचंद अग्रवाल, गोपाल मालू, डाॅ. संजय पंडित, रमेशचंद्र राठौर, सत्यनारायण शर्मा आदि ने व्यासपीठ का पूजन किया।
पं. शास्त्री ने कहा कि राम इस देश की अस्मिता और गौरव के पर्याय हैं। उनके समूचे जीवन चरित्र में कहीं भी कोई दोष नहीं है। यह निर्दोषता ही उन्हें पूजनीय और वंदनीय बना गई। हमारे पतन के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं हो सकता। हमारा अज्ञान, भ्रम, भय, संशय ही हमारा नाश करता है। धरती पर कोई और हमारा अहित कर ही नहीं सकता। संशय से जड़ता आती है। अल्पज्ञता, अकर्मण्यता और भीतर का प्रमाद ही हमारे सबसे बड़े शत्रु हैं। हमारा अंतःकरण श्रद्धा संपन्न होगा तो हमारे अंदर श्रेष्ठ विचारों की ग्राह्यता होगी। भगवान श्रीराम प्रेम की मूर्ति और प्रेम के पर्याय हैं। शबरी, केवट और वनवासियों के बीच जाकर उन्होंने प्रेम ही बांटा है।

संबंधित विषय:

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.