क्रेडिट कार्ड के नाम पर डेढ़ करोड़ ले भागा
इंदौर व महू के कई लोगों को बदमाश ने लगाई चपत
इंदौर
Published: April 18, 2022 11:34:54 am
इंदौर@मनीष यादव क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर आरोपी करीब डेढ़ करोड़ रुपए लेकर फरार हो गया। उसने पहले लोगों से दोस्ती की। उन्हें कार्ड बनाने का झांसा दिया और कागजात लेकर अलग-अलग बैंक से क्रेडिट कार्ड बनवाए। उसने कार्ड अपने पास रखकर लिमिट अनुसार लाखों रुपए निकाल लिए। इस तरह इंदौर-महू के 25 लोगों के साथ ठगी की। उनके खातों से डेढ़ करोड़ रुपए निकाल लिए।
एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने क्राइम ब्रांच और पुलिस के आला अधिकारियों को शिकायत की है। एक शिकायतकर्ता विकास मिश्रा निवासी महू गांव ने बताया कि उनका परिचय आरोपी अशोक नागर से मार्केट में काम के दौरान हुआ था। अशोक से बातचीत हुई तो उसने क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा दिया। वह आरोपी की कोरोना काल में मदद कर चुके हैं। इसके चलते उन्हें भरोसा हो गया था कि वह उनके साथ धोखाधड़ी नहीं करेगा। आरोपी ने इसी बात का फायदा उठाया और उनसे कागजात लेकर कार्ड बना दिए। एक कार्ड उन्हें दे दिया, लेकिन दूसरे बैंक के कार्ड नहीं दिए। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर तीन लाख 50 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इस तरह उसने कई लोगों के साथ ठगी की। विकास के मुताबिक उनके जैसे इंदौर-महू के दो दर्जन लोगों से आरोपी ने ठगी की है। इनमें सेना के कर्मचारी भी ठगी का शिकार हुए हैं। उन लोगों ने पुलिस के आला अधिकारी को इसकी शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गलती से कट गए रुपए
जब उनके कार्ड से रुपए कटने की जानकारी उन्हें मिली तो इस बारे में अशोक को बताया तो उसने टेक्नीकल गलती होने का झांसा दिया और जल्द ही सब ठीक करने की बात कहकर टालता रहा। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। जब उसके घर पहुंचे तो वहां पर भी ताला लगा हुआ मिला।
पहले भी पकड़ा जा चुका
ठगाए लोगों का आरोप है कि आरोपी अशोक का भानजा भरत ही इसमें शामिल है। इससे पहले भी घपले में पकड़ा जा चुका है। जब उसके बारे में पड़ताल की तो पता चला कि बीमा कंपनी में करीब 25 लाख की हेराफेरी की है। उसकी पत्नी भी अपने जान-पहचान वालों को फंसाती और फिर पति के माध्यम से धोखाधड़ी करती।

पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
