scriptसावन सोमवार : भोले की भक्ति में रमा शहर, हर जगह बोल बम की गूंज | Savan Monday: Rama town in Bhole's devotion, echo of the bomb of every | Patrika News

सावन सोमवार : भोले की भक्ति में रमा शहर, हर जगह बोल बम की गूंज

locationइंदौरPublished: Jul 22, 2019 04:38:10 pm

सावन का पहला सोमवार,लोगो नें शिव का अभिषेक कर ऊं नम:शिवाय का जाप किया

indore

सावन सोमवार : भोले की भक्ति में रमा शहर, हर जगह बोल बम की गूंज

इंदौर.भोले बाबा की भक्ति का सावन माह का पहला सोमवार आज है। इसके चलते जहां शिवालयों में आकर्षक सजावट की गई है, वहीं भोलेनाथ के मनोहारी रूप में विशेष शृंगार दर्शन हो रहे हैं। सुबह महाआरती हुई। इसके साथ प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। पहला सोमवार होने की वजह से शहर के शिवालयों में मंदिरों में सुबह से जय भोले के साथ ही ऊं नम: शिवाय के जयघोष गूंज रहे हैं। भक्तों ने भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक भी किया।
indore
आज सुबह से शहर के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के साथ दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ लगने लगी। शिवालयों में जय भोले और ओम नम: शिवाय के जयघोष अलग गूंजने लगे। सुबह-सुबह जहां भोले नाथ का अभिषेक हुआ, वहीं शाम को विशेष शृंगार किया जाएगा। उन्हें प्रसन्न करने के लिए भांग का भोग अलग लगाया जाएगा। बारिश के लिए भोलेनाथ के साथ इंद्रदेव को मनाने के लिए अभिषेक किया जाएगा। मंदिरों को जहां सुबह फूलों से सजाया गया है, वहीं शाम को आकर्षक विद्युत सज्जा भी होगी।
यहां लगा मेला

सावन के पहले सोमवार पर शहर के कई शिव मंदिरों पर मेला भी लगा। इसमें प्रमुख रूप से बाणगंगा स्थित बाणेश्वर महादेव और देवगुराडिय़ा स्थित शिव मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा अन्य मंदिरों पर भी शाम को मेले जैसा माहौल रहेगा।
शाही सवारी

सावन के माह में जहां भोलेनाथ की विशेष पूजा की जाती है, वहीं शाही सवारी भी निकाली जाती है। शहर की प्रमुख सवारी भूतेश्वर महादेव की निकलती है, जो अंतिम सोमवार को निकलेगी। बाणेश्वर महादेव सहित अन्य कई मंदिरों से भी सावन में शाही सवारी निकाली जाती है, जिसकी तैयारी में आयोजक जुट गए हैं।
शिव मंदिरों में लगी कतार
शहर के देव गुराडिय़ा स्थित शिव मंदिर, भूतेश्वर महादेव पंचकुइया, पंढरीनाथ चौराहा के इंद्रेश्वर महादेव, अग्रसेन चौराहा स्थित कांटाफोड़ मंदिर, गांधी हॉल के गोपेश्वर महादेव, राजबाड़ा के पीछे जबरेश्वर महादेव, सुभाष नगर के प्राचीन अहिल्येश्वर शिव मंदिर, बाणगंगा स्थित बाणेश्वर महादेव, परदेशीपुरा स्थित गेंदेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, बिचौली मर्दाना स्थित वैष्णवधाम मंदिर, काटजू कॉलोनी में प्राचीन कपिलेश्वर महादेव, मनोरमागंज में गीता भवन में भोलेनाथ का मंदिर, केशरबाग आरटीओ रोड का शंकर मंदिर, हंसदास मठ और अन्नपूर्णा मंदिर सहित कॉलोनी-मोहल्लों के छोटे-बड़े शिव मंदिरों में सुबह से भक्त उमड़ पड़े। लोगों ने भोलेनाथ का विशेष पूजन-अर्चन कर अभिषेक किया। इधर, एक नंबर विधानसभा में रुद्राभिषेक किया जा रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो