पुलिस के अनुसार अशरफी नगर में बोरे में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इस पर दल वहां पर पहुंचा। शव को बाहर निकाला गया तो उसकी शिनाख्त पास ही में रहने वाले बबलू पिता मुन्ना खान के रूप में हुई। वह स्क्रैप का कारोबार करता है। पास ही में घर भी है। आसपास के लोगों ने उसकी पहचान की थी। सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। टीआई प्रीतमसिंह ठाकुर ने बताया कि गले पर चाकू का निशान है। उसे किसी ने चाकू से मारा, इसके बाद बोरे में बंद किया और फिर गड्ढे में फेंक दिया। उसके पैर बोरे में बंद थे। इसके चलते वहां पर शव को लाकर फेंके जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है और जांच कर रही है। कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी ले रही है।
70 हजार रुपए लेकर घर से निकला था
70 हजार रुपए लेकर घर से निकला था
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि कल रात को उसके पास किसी का फोन आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया था। जाते हुए उसने सिर्फ इतना बताया था कि किसी कमल की गाड़ी पकड़ ली गई है। उसे छुड़वाना है। इसी के चलते 70 हजार रुपए लिए और रात 12.30 के लगभग घर से निकल गया था। इसके बाद आज सुबह उसका शव मिला है। उसके पास से रुपए नही मिले हैं। इसी के चलते आशंका व्यक्त की जा रही है कि लेन-देन के विवाद में ही उसे मारा गया है। घर के पास शव मिलने से आसपास के ही किसी बदमाश पर शंका व्यक्त की जा रही है।