इंदौर

बेटे के साथ पति फ्लैट पर पहुंचा तो पता चला पत्नी ने कर ली खुदकुशी

राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस को संदेह पति से विवाद के बाद महिला ने उठाया कदम
 

इंदौरOct 09, 2019 / 07:45 pm

Krishnapal Chauhan

इंदौर. राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में महिला द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। पति कुछ देर के लिए घर से जरूरी काम के लिए गए थे। जब लौटे तो पत्नी फंदे पर मिली। तत्काल वे पत्नी को उपचार के लिए हॉस्पिटल ले गए। यहां पर जांच के दौरान डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
एएसआई आर आर चतुर्वेदी के मुताबिक अनिता 35 पति मनोज पाटीदार निवासी सिल्वर स्टार सिटी ने बुधवार सुबह घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की है। घटना के बारे में पति से पूछताछ की है। उनका कहना है वे कुछ समय से पत्नी और बेटे ओजस के साथ किराए के फ्लैट पर रहते है। बेटा दो दिन पूर्व राऊ स्थित श्रीराम कॉलोनी में रहने वाले चाचा के साथ दो दिन के लिए ग्राम खवासा, थांदला गया था। भाई और बेटे राऊ स्थित घर पर थे। उनके लिए पत्नी ने सुबह खाना बनाया। इसके बाद मनोज खाना लेकर राऊ रवाना हुए। यहां से वे कुछ देर बाद बेटे को लेकर अपने फ्लैट पर पहुंचे। पत्नी को कई आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। संदेह के चलते उन्होंने खिडक़ी से झांका तो पत्नी फंदे पर मिली। इसके बाद उन्होंने लोगों की मदद से बंद दरवाजा खोला।
वे पत्नी को उपचार के लिए हॉस्पिटल ले गए। वहां जांच के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस को संदेह है किसी बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा। जिसके बाद महिला ने यह कदम उठाया है। घटना के बाद से पति बदहवास है। शव का जिला हॉस्पिटल में पीएम कराने के बाद परिजन को सौंपा है। पुलिस का कहना है आत्महत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जल्द मृतिका के परिजन व पति के बयान लिए जाएेंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.