टीआई रूपेश दुबे के मुताबिक शेखर (३५) पिता मांगीलाल जाट निवासी ओम सांई विहार कॉलोनी ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की है। घटना की सूचना गुरूवार को कॉलोनी के रहवासी व परिजन से मिली। शव को पीएम के लिए बरामद कर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां पहुंचे परिजन से पता चला कि मृतक पेशे से बिल्डर थे। बुधवार को वे जूनी इंदौर स्थित जबरन कॉलोनी में पत्नी की बहन की शादी पूर्व कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। रात में वे खाना खाने के बाद घर पहुंचे। सुबह पत्नी माधुरी ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। मोबाइल पर कई रिंग जाने के बाद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया। संदेह होने पर उनकी पत्नी ने कॉलोनी में रहने वाले संतोष को फोन किया। वह घर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद होना पता चला। आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने उसे धक्का देकर तोड़ा। तब पता चला की मृतक ने फांसी लगाई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला। खुदकुशी का कारण अज्ञात है। परिजन ने यह भी बताया कि मृतक के ससुराल में गुरूवार को मंडप पूजा है। शुक्रवार को उनकी पत्नी की बहन की शादी होने वाली है।