सबसे ज्यादा सर्द रही रविवार की रात, अब निकाल लीजिए स्वेटर-टोपे, चलने वाली है शीतलहर
- नवंबर में चौथे सप्ताह में मौसम की सबसे सर्द रात रही
- हवाओं की दिशा बदलने से चमकने लगी है ठंड

इंदौर. नवंबर में चौथे सप्ताह में मौसम की सबसे सर्द रात रही। रविवार रात को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे आना शुरू हो गए हैं। हवाओं की दिशा बदलने से ठंड चमकने लगी है, इस वजह से न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों तापमान सामान्य से नीचे जाने की दिशा में बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में ठंडक और बढऩे के आसार हैं।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अक्टूबर में लगातार चक्रवात आए थे। इस कारण वातावरण में नमी बनी हुई थी। एक-दो दिन में इसमें कमी आई। जैसे-जैसे शुष्कता बढ़ेगी ठंड की चुभन बढ़ती जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ की भी शुरुआत होने लगेगी और उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडक वातावरण को प्रभावित करेगी।
कोहरे ने लगाया इंदौर-शिर्डी उड़ान पर ब्रैक
इंदौर से शिर्डी के लिए दिवाली से शुरू हुई सीधी फ्लाइट पर मौसम की वजह से ब्रैक लगा हुआ है। शिर्डी एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी होने के कारण छोटे विमानों को उतरने की अनुमति नहीं दी जा रही। फ्लाइट कैंसल होने से यात्री बस या अन्य साधनों से आने-जाने को मजबूर है। शिर्डी के लिए शुरू हुई इंडिगो की फ्लाइट को अच्छे यात्री मिल रहे थे, लेकिन ठंड की शुरुआत में कोहरा होने के कारण शिर्डी एयरपोर्ट पर छोटे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ की अनुमति नहीं दी जा रही। सूत्रों के अनुसार शिर्डी एयरपोर्ट पर नेविगेशन यंत्र की सुविधा नहीं है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटने से छोटे विमानों को लैंडिंग में दिक्कत आती है। नियमानुसार लैंडिंग के लिए कम से कम ५ किमी की विजिबिलिटी होना चाहिए। एयरपोर्ट पर नेविगेशन यंत्र लग चुका है। डीजीसीए से इसके क्लीयरेंस का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में भी फ्लाइट निरस्त हो सकती है।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज