इस बार शहर में ‘मेंगो जत्रा’ का आयोजन 13 से 15 मई तक किया जा रहा है। इसमें दो दर्जन से अधिक आम उत्पादक विशिष्ट आम लेकर इंदौर आ रहे हैं। यहां 350 रुपए से लेकर 1200 रुपए दर्जन तक की कीमत के आम मिलेंगे. आम के साथ ही इससे बने अन्य उत्पाद भी यहां उपलब्ध होंगे। ‘मेंगो जत्रा’ में सुबह 9 से रात 9 बजे तक लोग आम का स्वाद चख सकेंगे।
मेंगो जात्रा कार्यक्रम का आयोजन मराठी सोशल ग्रुप ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि ‘मेंगो जत्रा’ में इस बार देवगढ़, रत्नागिरी के प्रसिद्ध आम उपलब्ध रहेंगे। यहां आम के साथ ही मराठी व्यंजनों, इंदौर चाट चौपाटी के अलावा गृह उपयोगी व हैंडीक्रॉफ्ट के भी स्टॉल लगाए जाएंगे। मैंगो जत्रा का यह 9वां आयोजन होगा।
महाराष्ट्र के कोंकण के 20 से ज्यादा गांवों में देवगढ़, रत्गागिरी के आमों की खेती होती है। पिछले कई सालों से ये किसान सभी प्रकार के हापुस आमों की ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं. एक्सपोर्टर उनसे कम दामों में खरीदकर उन्हें महंगे दामों में बेचते हैं जिससे किसानों को आर्थिक लाभ नहीं मिल पाता। इन छोटे किसानों को सीधा लाभ देने के लिए इस बार उन्हें मेंगो जात्रा में आमंत्रित किया गया है। खास बात यह कि इस बार आयोजकों ने एक्सपोर्टर्स को यहां आमंत्रित करने के बजाय छोटे आम उत्पादकों को ही बुलाया है। दरअसल ऑर्गेनिक खेती के कारण ये आम काफी मीठे और स्वादिष्ट रहते हैं। इसके चलते ‘मेंगो जत्रा’ में इंदौर के साथ ही आसपास के लोग भी खरीदी के लिए आते हैं।