scriptकैसे सुलझेगा ये मंदिर विवाद ? | temple closed due to personal dispute in indore | Patrika News

कैसे सुलझेगा ये मंदिर विवाद ?

locationइंदौरPublished: Jan 16, 2018 10:55:10 am

आपसी विवाद में मंदिर बंद, भक्त करने लगे भजन-कीर्तन, ९ घंटे के बाद खोला ताला

temple dispute
इंदौर. रवीन्द्र नगर स्थित गायत्री मंदिर पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मंदिर ट्रस्टी भवानी कश्यप के बेटे मीत कश्यप व परिजन के हंगामे और मारपीट से परेशान हो कर विदुषी सुमनलता ने मंदिर पर ताला लगा कर खुद कमरे में बंद कर लिया। इससे मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालू परेशानी होने लगे।
इस दौरान स्थानीय नागरिक मंदिर के बाहर भजन-कीर्तन करने बैठ गए। करीब ९ घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस ने दो गार्ड की सुरक्षा के साथ मंदिर को सार्वजनिक रूप से खुला रखने का आश्वासन दिया, एसडीएम ने विदुषी को समझाइश दी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
विवादों से घिरे गायत्री शक्ति पीठ मंदिर के ट्रस्टी भवनी कश्यप के पुत्र और विदुषी सुमन लता के बीच विवाद में सोमवार को मंदिर बंद कर दिया गया। स्थानीय नागरिक और हिंदू जागरण मंच भी विवाद में कूद गए, जिससे बाद हुए हंगामे के बाद ताला खोला गया। मंच के राजा कोठारी ने बताया, भवानी कश्यप के परिजन ट्रस्ट से सुमनलता को बेदखल करना चाहते हैं। मामला एसडीएम कोर्ट में भी चल रहा है, दो दिन पहले सुमनलता की शिकायत पर पलासिया पुलिस ने प्रकरण भी दर्ज किया था। सोमवार को विवाद फिर गर्मा गया।
सुमनलता ने सुबह से ही मंदिर पर ताले जड़ दिए और अंदर कमरे में बंद हो गईं। दर्शन के लिए पहुंचे लोग ताला देख परेशान रहे। मामला पता चलने पर लोगों ने सुमनलता को समझाया, पर नहीं मानने पर पलासिया पुलिस को शिकायत की। थाना प्रभारी धैर्य सिंह येवले महिला पुलिस के साथ वहां पहुंचे और करीब १ घंटे तक सुमनलता को समझाने का प्रयास करते रहे। सफलता नहीं मिली तो कलेक्टर को जानकारी दी गई।
दोपहर १.३० बजे पहुंचीं एसडीएम
प्रशासन को सूचना मिलने पर एसडीएम शालिनी श्रीवास्तव वहां दोपहर डेढ़ बजे पहुंचीं और १ घंटे की मशक्कत और समझाइश देने के बाद ताला खोला गया। इसके बाद नागरिकों ने कहा, इन दोनों के झगड़े में मंदिर क्यों बंद किया जा रहा है? मंदिर तो सार्वजनिक संपत्ति है। दोनों पक्ष आपस में निपटें, मंदिर तो खुला रहेगा। इस पर पुलिस ने वहां दो गार्ड बैठा दिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो