पुलिस गिरफ्त में आते ही गिड़गिड़ाने लगा आरोपी...गलती हो गई, मैं तो सबक सिखाने गया था
र्स्वणबाग अग्निकांड का मामला
इंदौर
Updated: May 08, 2022 11:42:34 am
इंदौर. विजय नगर क्षेत्र की स्वर्णबाग कॉलोनी की एक इमारत में आग लगाकर सात लोगों की जान लेने वाले आरोपी का अभी इलाज चल रहा है। आरोपी को जब पुलिस ने पकड़ा तो गिड़गिड़ाने लगा। बोला साहब गलती हो गई। मैं तो सबक सिखाने के लिए गया था। इधर, आग लगाने के बाद आरोपी घर जाकर सो गया था। सुबह जब उसे घटना के बारे में पता चला तो बचने के लिए इधर-उधर छिपता रहा।
आरोपी संजय उर्फ शुभम दीक्षित निवासी झांसी को कल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की लोकेशन लोहा मंडी में मिली थी। इस पर पुलिस वहां पहुंची तो बचने के लिए भागा। एक बार गिरा और दूसरी बार फिर से उठकर भागा, लेकिन भागने के चक्कर में गिर गया। पीछा कर रहे टीआई तहजीब काजी और उनकी टीम ने उसे धरदबोचा। पकड़ में आते ही उसने गिड़गिड़ाना शुरू कर दिया। साहब मुझे माफ कर दो, गलती से हो गया। मैं तो लड़की की गाड़ी खराब करना चाहता था। मुझे नहीं पता था कि इतना बड़ा कांड हो जाएगा। पुलिस उसे घायल हालत में एम वाय अस्पताल लेकर आई, जहां पर अभी उसका इलाज चल रहा है।
खजराना, तुकोगंज आती रही लोकेशन
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उसके पीछे लग गई। वह शहर में ही अलग-अलग स्थानों पर घूम रहा था। पहले उसकी लोकेशन खजराना आई फिर तुकोगंज क्षेत्र की आने लगी। पुलिस उसके दोस्तों तक पहुंच गई थी। दोस्तों से फोन लगवाया और उसे मिलने बुलाया। इस पर आरोपी दोस्तों से बोला कि मुझसे बड़ा कांड हो गया है। अभी नहींं आ सकता। पुलिस लोकेशन का पता करती रही और उस तक पहुंच गई। आरोपी ने पूछताछ में बताया वह लड़की को सबक सिखाना चाहता था। वह आग लगाने के बाद वहां से घर गया और सो गया। दोस्तों से हुई पूछताछ में पता चला है कि दिल्ली में भी इस तरह का कांड किया है। डीसीपी संपत उपाध्याय ने बताया कि आरोपी का अभी इलाज चल रहा है। आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

पुलिस गिरफ्त में आते ही गिड़गिड़ाने लगा आरोपी...गलती हो गई, मैं तो सबक सिखाने गया था
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
