घर बनाने का सपना हुआ महंगा, टाइल्स-सीमेंट-रेत-गिट्टी और स्टील की कीमतें 30 से 40 फीसद तक बढ़ीं
चार महीने में घर को आकर्षक बनाने के लिए लगने वाली विक्ट्रीफाइड टाइल्स और सीमेंट के दाम 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। विक्ट्रीफाइड के दामों में उत्पादकों की मोनोपॉली के चलते कारोबारियों की कमर टूट गई है। गुजरात की कंपनियों ने विक्ट्रीफाइड टाइल्स व सैनेटरी के दाम 40 फीसदी तक बढ़ाए।
इंदौर
Published: February 18, 2022 07:33:40 pm
इंदौर. सरकार हर व्यक्ति का हो, अपना घर का नारा बुलंद कर रही है। राज्य और केंद्र सरकार अफोर्डेबल हाउसिंग की योजनाएं चला रही हैं, लेकिन आम आदमी सपनों के आशियाने को आकार देने में परेशान हो रहा है। चार महीने में घर को आकर्षक बनाने के लिए लगने वाली विक्ट्रीफाइड टाइल्स और सीमेंट के दाम 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। विक्ट्रीफाइड के दामों में उत्पादकों की मोनोपॉली के चलते कारोबारियों की कमर टूट गई है। कारोबारियों ने इस पर नियंत्रण की मांग की है।
कोरोना महामारी में रोजगार देने में रियल एस्टेट ने सबसे ज्यादा योगदान दिया है। महामारी के कम होने के बाद अपना घर खरीदने की ओर लोगों का रूझान बढ़ा है। इससे डेवलपर्स व बिल्डर कारोबार तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले चार महीने से घर बनाने के लिए जरूरी रा-मटेरियल के दाम जिस तेजी से बढ़े हैं, उससे घर बनाने वालों का बजट बिगड़ता जा रहा है। इंदौर टाइल्स व सेनेटरी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल व प्रेम माहेश्वरी का कहना है, विक्ट्रीफाइड टाइल्स की कीमतों में हुई 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी से ही 1000 वर्गफीट के घर के निर्माण में 15000 से 16000 हजार का फटका लगा है। अग्रवाल ने बताया, वित्त मंत्री को भेजे ज्ञापन में केंद्र सरकार से हाउसिंग मटेरियल पर नियंत्रण की मांग की है। सिरामिक्स उत्पाद टाइल्स, सेनेटरी आइटम्स को अत्यावश्यक वस्तु की श्रेणी में रखने का सुझाव दिया है, ताकि कीमतों पर नियंत्रण रहे। दाम बढ़ाने के पीछे उत्पादकों का तर्क है कि कोयला, गैस के दाम बढऩे से वृद्धि की गई है। 30 रुपए वर्गफीट की टाइल्स के दाम 40 से 42 रुपए हो गए हैं। दूसरी ओर निर्यात प्रतिबंध लगाने से मुनाफाखोरी भी हो रही है।
सीमेंट भी 260 से 330 रुपए प्रति बैग
घर बनाने में लगने वाला अन्य मटेरियल महंगा होने से 35 से 40 प्रतिशत का फर्क आया है। सीमेंट के दाम भी कार्टेल लगाने से लगातार बढ़ रहे हैं। 260 से 280 रुपए में मिलने वाली सीमेंट की बोरी 330 से 390 तक पहुंच गई है। रेत के दाम भी बढ़े हैं। लोहा पहले से ही महंगा है।

घर बनाने का सपना हुआ महंगा, टाइल्स-सीमेंट-रेत-गिट्टी और स्टील की कीमतें 30 से 40 फीसद तक बढ़ीं
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
