पुलिस के मुताबिक फरियादी मान सिंह राजावत निवासी सुखलिया की शिकायत पर शुकवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। राजावत ने बताया, उनके मौसा भंवर सिंह राठौर, ऋषि पैलेस कॉलोनी में रहते है। वे बुधवार को परिवार सहित नागौर, राजस्थान गमी कार्यक्रम में शामिल होने गए है। शुक्रवार सुबह पडोसियों ने मौसा को फोन पर घर पर चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद उन्हें घटना के बारे में पता चला। वे मौके पर पहुंचे तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर में पड़ा सामान अस्त व्यस्त मिला। एलसीडी, ८० हजार नकदी व करीब चार लाख के जेवरात रखे स्थान से गायब थे। राजावत ने घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरा फुटेज देखे। जिसमें गुरुवार रात १२ से डेढ़ के बीच चोरी होना पता चला। बदमाश घर के बाहर खड़े लोडिंग वाहन की आड़ में दरवाजा का ताला तोड़ अंदर घुसे। बदमाश वाहन के पास खड़े होकर रैकी करता रहा। इस बीच बदमाशों ने घर में रखे जेवरात, एलसीडी, राजपूती पोशाक, जेवरात, मकान के दस्तावेज व नकदी उड़ा दी। चोरी करने आए बदमाश इतने शातिर थे की उनके आने की भनक पडोस में रहने वाले लोगों को भी नहीं लगी। वारदात के बाद सभी दबे पांव भाग निकले। परिवार ने घटना के फुटेज पुलिस को दिए है।