बरसों पुरानेे तीन खतरनाक मकान निगम ने तोडे
सिलावटपुरा में नगर निगम ने की कार्रवाई
इंदौर
Published: March 14, 2022 08:52:11 pm
इंदौर. नगर निगम ने खतरनाक मकानों को तोडऩे के लिए सोमवार को एक ओर बड़ी कार्रवाई की। निगम के अमले ने सिलावटपुरा स्थित तीन खतरनाक मकानों को जमींदोज कर दिया। वहीं कार्रवाई के पहले इस दौरान हल्का विवाद भी हुआ।
नगर निगम ने सिलावटपुरा मस्जिद कमेटी के स्वामित्व वाले मकान नंबर ६१, ८६ और १२३ को खतरनाक घोषित किया था। लकड़ी और मिट्टी के बने ये मकान लगभग ८० साल से भी ज्यादा पुराने थे। वहीं गंगवाल से मच्छी बाजार सड़क बनाने के दौरान इन मकानों का बड़ा हिस्सा पहले ही तोड़ा जा चुका है। जिसके बाद से इनके बचे हुए हिस्से बेहद खतरनाक हो चुके थे। पूर्व में नगर निगम द्वारा इन मकानों को खतरनाक मकानों की सूची में डालते हुए इन्हें रहने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था। साथ ही इन्हें तोडऩे के लिए नोटिस भी जारी किए थे। लगभग दो साल पहले इन्हें नोटिस दिए गए थे, लेकिन उसके बाद में भी मकान नहीं हटाए गए थे। जिसके बाद शुक्रवार को नगर निगम ने इन्हें ४८ घंटे में मकान तोडऩे के लिए अंतिम नोटिस जारी किए थे। इसके बाद में भी ये मकान नहीं हटने पर सोमवार को नगर निगम का रिमूवल अमला इन्हें तोडऩे पहुंच गया था। तीनों खतरनाक मकानों पर किराएदारों का कब्जा था। जिसमें मकान नंबर ६१ पर शहजाद, 86 पर नसीम बी और 123 पर एहसासुद्दीन पिता निजामुद्दीन का कब्जा था। हालांकि मकानों में ज्यादा सामान नहीं था, लेकिन कार्रवाई करने के पहले नगर निगम की टीमों ने मकानों में मौजूद सामान को बाहर निकालने के बाद इन्हें तोडऩे का काम शुरू किया और बुलडोजर की मदद से इन खतरनाक मकानों को गिराने का काम शुरू किया। लगभग आधे घंटे में ही इन तीनों मकानों को जमींदोज कर दिया गया। निगम के भवन अधिकारी विवेश जैन के मुताबिक ये मकान काफी खतरनाक स्थिति में थे। जिसके चलते इन पर कार्रवाई की गई है।
विवाद हुआ तो पुलिस ने संभाला मोर्चा
नगर निगम की टीम जब यहां कार्रवाई करने पहुंची तो किराएदारों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। ये लोग अपना कब्जा नहीं छोडऩा चाहते थे। इस दौरान निगम की टीम के साथ मौजूद पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला और विवाद कर रहे लोगों को वहां से हटा दिया। जिसके बाद ही निगम की टीम यहां कार्रवाई कर पाई।

नगर निगम के अमले ने तोड़े खतरनाक मकान
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
