script

राजबाड़ा बना सिटी बस का अवैध स्टैंड, रोज लग रहा लंबा जाम

locationइंदौरPublished: Apr 13, 2019 10:56:44 am

Submitted by:

Lakhan Sharma

– शाम 5 बजे से 8 बजे तक रैंगकर चलते हैं वाहन
– कृष्णापुरा ब्रिज से राजबाड़ा तक लगा रहता है जाम
– सराफा पुलिस बनाती है चालान, जाम सुलझाने में नहीं करते मदद

traffic

राजबाड़ा बना सिटी बस का अवैध स्टैंड, रोज लग रहा लंबा जाम

लखन शर्मा @ इंदौर। राजबाड़ा पर बगीचे के बाहर सिटी बसों ने अवैध स्टैंड बना लिया है। अवैध स्टैंड के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक यहां जाम लगा रहता है। जाम का प्रमुख कारण सिटी बसें और यातायात का दबाव है। दरअसल राजबाड़ा बगीचे के पास एक समय में 4 से 5 सिटी बसें खड़ी रहती हैं। इन बसों के रवाना होते ही पीछे से दूसरी बसें आ जाती हैं। इसके चलते राजबाड़ा और आसपास के सभी बाजारों में जाम लग जाता है। खास बात यह है कि यातायात विभाग ने जिस पुलिस अधिकारी की यहां ड्यूटी लगाई है उनको पता ही नहीं है कि यहां बसें खड़ी रहने देना है या इन्हें सिर्फ सवारी भरकर आगे बढ़वाना है। इसी का फायदा सिटी बस के ऑपरेटर उठा रहे हैं। लगातार बढ़ रही आम लोगों की परेशानी के बाद कल न्यूज टुडे की टीम मौके पर पहुंची और परेशानी को समझा।

– चालान बनाने में व्यस्त थी पुलिस, लगा था जाम
कृष्णपुरा ब्रिज से लेकर राजबाड़ा तक शाम करीब ७ बजे तक जाम लगा हुआ था। राजबाड़ा पहुंचे तो देखा बगीचे के बाहर 4 सिटी बसें खड़ी हुई थीं। कृष्णपुरा की तरफ से आई एक और सिटी बस रोटरी पर घूमकर राजबाड़ा आ गई। यहां अब पांच बसें हो चुकी थीं। एमजी रोड जाने और आने वाले मार्ग पर लगा हुआ था। यही स्थिति गुरुद्वारे वाले रोड और गोपाल मंदिर रोड की भी थी। हमने यहां ट्रैफिक पुलिस को देखा तो कोई नहीं दिखा। राजबाड़ा के दाहिने हिस्से पर सराफा पुलिस के एसआई, एएसआई और अन्य पुलिसकर्मी कुर्सी लगा कर बैठे हुए थे। जब इनसे कहा गया कि राजबाड़ा और आसपास के इलाके में जाम लगा हुआ है आप जाम सुलझा नहीं रहे। यहां पांच सिटी बसें रोड पर खड़ी होकर जाम लगा रही हैं, इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। इस पर वे कहने लगे हमारा काम नहीं है, यातायात के एसआई या जवान होंगे यहीं कहीं। इसी दौरान यहां १० से अधिक ऑटो इनके आसपास खड़े रहकर जाम लगा रहे थे। इतने में एक जवान जाम के बीच दोपहिया वाहनों को रोकता हुआ दिखाई दिया। राजबाड़ा से इमली साहिब गुरुद्वारा जाने वाले रोड पर एसबीआई बैंक के बाहर यातायात विभाग की के्रन और पुलिसकर्मी के पास वह दोपहिया वाहनों को उठाकर ले जा रहा था। जब उनसे कहा कि जाम सुलझाने के बजाए आप चालान बना रहे हैं, सिटी बसें खड़ी हैं उन्हें क्यों नहीं हटवा रहे तो वह बगले झांकने लगा। क्रेन भी आगे बढ़ चली।

– मुझे नहीं पता बस लगवाना है या नहीं

हमने जब राजबाड़ा के तरफ नजर दौड़ाई तो देखा कि यहां यातायात पुलिस के एसआई एमएस रघुवंशी चालानी कार्रवाई में व्यस्त थे। एक युवक उनके आगे गिड़गिड़ा रहा था। इनसे जब पूछा गया कि राजबाड़ा पर सिटी बस स्टैंड है या स्टाप है तो बोले मुझे पता नहीं। कुछ दिनों पहले अरुण सिंह को हटाकर मुझे यहां लगाया गया है। जब कहा कि आप जाम सुलझाने के बजाए चालान बनाने में व्यस्त हैं तो बोले की मेरे पास स्टाफ नहीं है। एक मुंशी है उसी को मदद के लिए बुला लेता हूं। करूं क्या, कोई सुनता नहीं। यहां सिटी बसों पर तो प्रतिबंध लगना चाहिए। शाम के समय तो आना ही नहीं चाहिए, हम खुद इनसे परेशान हो जाते हैं। जब हमने कहा कि आप दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रहे हैं और सिटी बसें नियम तोड़ रही हैं। सभी निजी अॅापरेटरों की है इन पर चालानी कार्रवाई कीजिए, तो कहने लगे की बड़े अधिकारी से बात कर कार्रवाई करेंगे। बाद में रघुवंशी खुद की पीड़ा बताने लगे कि हम कह चुके हैं कि शाम के समय सिटी बसों को राजबाड़ा आने पर प्रतिबंध लगा दो जाम आसानी से सुलझ जाएगा।

– यह हो जाती है स्थिति
जब न्यूज टुडे टीम ने यहां करीब एक घंटे रहकर स्थिति देखी तो भयावह थी। राजबाड़ा से कृष्णापुरा के लिए जाने वाले वाहन चालकों के आगे एक सिटी बस हो जाए तो कोई दोपहिया वाहन भी उसको ओवरटेक नहीं कर सकता। आगे भी बसें होने के कारण वाहन रेंगकर चलते हैं। 500 मीटर की दूरी तय करने में यहां २० से २५ मिनट का समय लग जाता है। यही स्थिति कृष्णपुरा से वापस राजबाड़ा आने वाले वाहनों की रहती है। यहां भी इतना ही समय लग रहा है। कई वाहन चालक जाम से बचने के लिए गणेश केप मार्ट वाली गली में वाहन डाल देते हैं जहां दोनों ओर से वाहनों के आने और सड़कों पर पार्किंग रहने से पूरी गली में जाम लग जाता है। राजबाड़ा से यशवंत रोड, जवाहर मार्ग, सराफा और सुभाष चौक जाने वाले मार्गों की भी यही स्थिति रहती है।

– सराफा पुलिस का ऐसा रवैया

जाम नहीं सुलझाने और जाम के लिए यातायात पुलिस से बात करने के लिए कहने वाली सराफा पुलिस की एक और बानगी देखने को मिली। एक तरफ पूरे सराफा, राजबाड़ा, खजूरी बाजार, एमजी रोड पर जाम लगा हुआ था। वहीं दूसरी और थाने के आठ से अधिक पुलिसकर्मी इमामबाड़े पर बैरिकेड्स लगाकर चालानी कार्रवाई में व्यस्त थे। जाम से इनका कोई लेना देना नहीं था।

– खड़ी नहीं रह सकती सिटी बसें
राजबाड़ा के बगीचे के पास किसी भी बस या अन्य यात्री वाहन के लिए स्टैंड नहीं है। यहां वे आकर यात्रियों को उतारकर आगे बढ़ सकते हैं। सिटी बसों के खड़े रहने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आज डीएसपी को लगाकर कार्रवाई करवाएंगे।

रंजीत सिंह देवके, एएसपी ट्रैफिक

ट्रेंडिंग वीडियो