scriptबारिश से यशवंत सागर में आया पानी, पश्चिम में जलसंकट दूर | Water label big from Yashwant Sagar in the rain | Patrika News
इंदौर

बारिश से यशवंत सागर में आया पानी, पश्चिम में जलसंकट दूर

तालाब का 6 फीट तक लेवल बढ़ा, अभी तक पोखरों से पानी लेकर कर रहे थे पूर्ति

इंदौरJun 27, 2018 / 11:05 am

Uttam Rathore

Yashwant Sagar

बारिश से यशवंत सागर में आया पानी, पश्चिम में जलसंकट दूर

इंदौर.
कल सुबह से दोपहर तक बारिश हुई। आंकड़ा सवा इंच दर्ज हुआ। शहर के तालाबों में भी जलस्तर बढ़ गया है। यशवंत सागर में 6 फीट तक पानी आ गया है। इससे पश्चिम क्षेत्र में जलसंकट दूर हो गया है। बारिश न होने से अब तक पोखरों से पानी लेकर लोगों को सप्लाय किया जा रहा था।
यशंवत सागर में 15 दिन पहले 7 दिन का ही पानी बचा था। ऐसे में निगम के जिम्मेदार बारिश होने की दुआ करने लगे, क्योंकि पश्चिम क्षेत्र की कई कॉलोनी के रहवासियों को पानी की किल्लत झेलना पड़ती। आधा पश्चिम क्षेत्र यशंवत सागर के भरोसे है। बारिश न होने पर लोगों को जलसंकट न झेलना पड़े, इसके प्रयास में निगम लगा रहा और जलापूर्ति के लिए पोखरों से पानी लेने लगे। इसमें भी ज्यादा दिन का पानी नहीं बचा था। कल मानसून के सक्रिय होते ही तेज बारिश हुई। इससे यशवंत सागर सहित शहर के अन्य तालाबों का जलस्तर बढ़ गया। निगम के जिम्मेदारों की मानें तो बारिश के चलते यशवंत सागर में ६ फीट तक पानी आया है। इससे पश्चिम क्षेत्र में पानी की किल्लत दूर हो गई है। अब लगातार बारिश होने से तालाब का जलस्तर बढ़ता जाएगा। मालूम हो कि मानसून के रूठने से यशवंत सागर सहित अन्य तालाब भी सूख गए थे। बारिश का पानी सहजने के लिए निगम ने तालाबों का गहरीकरण करवा दिया, जिनका कम बारिश के चलते भरना असंभव दिख रहा है। पिछले साल भी यही हालात बने थे। बारिश कम होने से तालाब क्षमता के हिसाब से भर नहीं पाए थे।
70 दिन तक का आया पानी
जलकार्य समिति प्रभारी बलराम वर्मा ने कहा कि बारिश होने से राहत मिली है। यशवंत सागर का जलस्तर बढ़ गया है। गर्मी के दिनों में पूरी तरह सूखे १९ फीट क्षमता वाले यशवंत सागर में बारिश होने पर6 फीट तक पानी आ गया है। इससे पश्चिम क्षेत्र में जलसंकट की स्थिति खत्म हो गई है। तालाब में इतना पानी आ गया है, जो 70 दिन तक आसानी से चल जाएगा। इस बीच बारिश होती रहेगी और तालाब भी भरता रहेगा। बिलावली तालाब में भी 6 से 7 फीट तक पानी आया है, लेकिन बाकी के तालाब छोटा-बड़ा सिरपुर, लिंबोदी, पीपल्यापाला और छोटी बिलावली में अभी पानी का स्तर नहीं बढ़ा है।

Home / Indore / बारिश से यशवंत सागर में आया पानी, पश्चिम में जलसंकट दूर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो