scriptऐसा क्या हुआ…जब कांग्रेसियों ने उतारे कपड़े | What happened...the Congressmen pulled clothes | Patrika News

ऐसा क्या हुआ…जब कांग्रेसियों ने उतारे कपड़े

locationइंदौरPublished: Sep 08, 2018 11:16:26 am

Submitted by:

Uttam Rathore

पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि को लेकर किया विरोध, आज शाम को व्यापारियों से 10 सितंबर को बंद के लिए मांगेगे समर्थन
 
 

Congress demonstration

ऐसा क्या हुआ…जब कांग्रेसियों ने उतारे कपड़े

इंदौर.

पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमत के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। आज सुबह जावरा कम्पाउंड स्थित दीनदयाल भवन भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेता भाजपा कार्यालय के पास पेट्रोल पंप पर पहुंचे और भजन-किर्तन करने लगे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता विरोध में कपड़े उताकर पेट्रोल पंप पर बैंठ गए।
दरअसल, पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन भाजपा कार्यालय के पास पेट्रोल पंप होना था, लेकिन कांग्रेसियों ने स्थान परिवर्तन कर पहले भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनूप शुक्ला के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। भाजपा कार्यालय पर प्रर्दशन करने के बाद सारे कांग्रेसी नारे लगाते हुए पेट्रोल पंप पर पहुंचे और मूल्यवृद्धि को लेकर भाजपा सरकार को जमकर कोसा। इस दौरान कांग्रेस नेता अमित चौरसिया, नीलेश पटेल, विशाल चतुर्वेदी, नवीन वर्मा और राजेश चौरसिया आदि मौजूद थे।
Congress
संग्रहालय में रखाया पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने अनूठा प्रदर्शन किया। इसके चलते पेट्रोल-डीजल की भरी हुई सांकेतिक बॉटलों को पुरातत्व विभाग को भेंट किया गया। चिडिय़ाघर के पास केंद्रीय संग्रहालय पर विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी के नेतृत्व में पेट्रोल-डीजल की बॉटलें भेंट की गईं ताकि आने वाली पीढ़ी देख सकें और जनता इस ऐतिहासिक मूल्य वृद्धि को वर्षों तक याद रखे।
बंद के लिए गांधी भवन में बुलाई बैठक
पेट्रोल-डीजल के दाम आसामन छू रहे हैं। इसका असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है, क्योंकि पेट्रोल 86.20 पैसे रुपए और डीजल 76 रुपए 49 पैसे प्रति लीटर के आसपास पहुंच गया है। कीमतें घटने के बजाय रोजाना बढ़ रही हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 10 सितंबर को भारत बंद कराया जाएगा। इंदौर में बंद पूरी तरह सफल रहे इसके लिए शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने आज पार्टी कार्यालय गांधी भवन में विधानसभावार बैठक बुलाई है जो कि सुबह 11 बजे से शुरू होगी और शाम 5 बजे तक चलेगी। बैठक में सारे विधायक, पार्षद, कांग्रेस से जुड़े सगंठन के पदाधिकारी और पार्टी के अन्य नेताओं सहित कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विधानसभावार होने वाली बैठक में नेताओं को अपने-अपने क्षेत्र में बंद कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शाम को 5 बजे बैठकों का दौर खत्म होने के बाद कांग्रेसी गांधी भवन से पैदल मार्च करते हुए राजबाड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद राजबाड़ा, सराफा, क्लॉथ मॉर्केट, सीतलामाता बाजार, बर्तन बाजार, खजूरी बाजार, बोहरा बाजार और मारोठिया में घूमकर व्यापारियों से 10 सितंबर को अपनी दुकान बंद रखने का आग्रह कर कांग्रेस के बंद को सफल बनाने की अपील करेंगे। बंद को लेकर देवी अहिल्या चेम्बर ऑफ कॉमर्स, सियागंज व्यापारी एसोसिएशन, दवा बाजार एसोसिएशन और कई स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधन से कांग्रेस नेताओं की बात हो गई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो