scriptworld redcross day today - for hart operation gurish airlifted | वर्ल्ड रेडक्रास डे आज - चार माह का गुरिश दिल्ली पहुंचा, प्रशासन-संस्थाओं ने की मदद, आप करें दुआ | Patrika News

वर्ल्ड रेडक्रास डे आज - चार माह का गुरिश दिल्ली पहुंचा, प्रशासन-संस्थाओं ने की मदद, आप करें दुआ

locationइंदौरPublished: May 08, 2023 12:49:54 pm

- #Help Of Indore: बच्चे के दिल में दो छेद, ऑपरेशन के लिए दिल्ली मिलिट्री हॉस्पिटल किया एयर लिफ्ट
- इंदौर व दिल्ली में बना ग्रीन कॉरिडोर, ऑपरेशन आज संभव

वर्ल्ड रेडक्रास डे आज - चार माह का गुरिश दिल्ली पहुंचा, प्रशासन-संस्थाओं ने की मदद, आप करें दुआ
वर्ल्ड रेडक्रास डे आज - चार माह का गुरिश दिल्ली पहुंचा, प्रशासन-संस्थाओं ने की मदद, आप करें दुआ
इंदौर. चार माह के गुरिश के लिए रविवार को चोइथराम हॉस्पिटल से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एयर लिफ्ट कर उसे दिल्ली मिलिट्र हॉस्पिटल भेजा है। बच्चे के दिल में जन्म से दो छेद हैं, लेकिन निमोनिया होने से स्थिति गंभीर हो गई है। प्रशासन ने रेडक्रॉस और संस्थाओं की मदद से एयर एंबुलेंस से उसे दिल्ली भेजा। उसे शहरवासियों की दुआओं की दरकार है।
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के अनुसार, दिल्ली में गुरिश का इलाज शुरू हो गया है। संभवत: सोमवार को ऑपरेशन होगा। महू कैंप में लांसनायक दिनेश जोगचंद्र की दो बेटियां और एक बेटा गुरिश है। जनवरी में जन्म के कुछ दिन बाद पता चला कि बच्चे को कंजिनाइटल हार्ट डिसिज है और उसके दिल में दो बड़े छेद हैं। महू मिलिट्री हॉस्पिटल से उसे 20 दिन पहले चोइथराम हाॅस्पिटल रेफर किया था।
-----------
जोखिम की वजह से इंदौर में नहीं हुआ
ऑपरेशन बच्चे के ऑपरेशन के लिए शहर के अस्पतालों में संपर्क किया गया, लेकिन वजन कम होने से जोखिम ज्यादा था। इंफेक्शन व निमोनिया होने से चोइथराम अस्पताल के पीडियाट्रिक इंसेटिविस्ट डाॅ. अंशुल जायसवाल व कर्नल डॉ. नार्मन शर्मा ने उसे दिल्ली भेजने की सलाह दी। एंबुलेंस से दिल्ली भेजने में 20 घंटे लगते, इसलिए एयर लिफ्ट करने का फैसला लिया। रेडक्रॉस और स्थानीय संस्थाओं की मदद से एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। दोपहर में चोइथराम हॉस्पिटल से इंदौर एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दिल्ली रवाना किया गया। दिल्ली में भी ग्रीन कॉरिडोर बना। अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेडेकर ने बताया, दो-तीन संस्थाओं से कुछ राशि मिली। करीब 4.90 लाख रेडक्रॉस से दिए गए।
----------
ऐसे हुई पहल
दिनेश की आर्थिक िस्थति ठीक नहीं है। वे डिवाइन फाउंडेशन के अमित सिंघल, समाधान संस्था के नयन आनंद एवं अद्भुत कम्युनिटी के सिद्धार्थ शर्मा के संपर्क में आए। उन्होंने डॉक्टर रुचि श्रोति से जानकारी ली और बच्चे को दिल्ली मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाना तय किया। इसके लिए करीब 1 लाख एकत्रित हुए। इसके बाद कलेक्टर से संपर्क किया। मामले में डॉक्टर रुचि, रमेश डोसी, गोल्डकॉइन सेवा संस्थान के संजय अग्रवाल, चोइथराम के कर्नल डॉ. नार्मन शर्मा ने सहयोग किया। डिवाइन फाउंडेशन से अमित सिंघल माता-पिता के साथ दिल्ली गए हैं।
---------
वर्ल्ड रेडक्रॉस डे आज: रेडक्रॉस फंड बन रहा बीमार का सेवादार
रेडक्रॉस फंड से लोगों की मदद की जा रही है। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के अनुसार, जनसुनवाई व रोजाना की मुलाकात में कई लोगों को तत्काल सहायता की जरूरत होती है। प्रशासन इस फंड से सहायता देता है। इसके अलावा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से रियायती दरों पर ब्लड टेस्ट व अन्य जांचों के लिए दो लैब की स्थापना भी की गई है। एक छावनी में संचालित हो रही है तो दूसरी एमओजी लाइंस में बन रही है। यहां जल्द डायलिसिस, थैलेसीमिया का इलाज होगा। रेडक्रॉस फंड शहर के दानदाताओं से जुटाते हैं।
संस्था के पास करीब सवा करोड़ रुपए का रिजर्व फंड है। 80 लाख रुपए की राशि मदद के लिए है। बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए 2 करोड़ रुपए का विशेष फंड बनाया है। इससे 8 लोग लाभ ले चुके हैं। एक साल में 467 लोगों को इससे मदद दी गई। पूर्व में दिव्यांगों को 100 स्कूटी दी गई है। इसी फंड से और स्कूटी ली जाएगी। इसके लिए राशि एकत्रित कर ऑर्डर कर दिए हैं।
Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.